डीएम बोले-अभी बाढ़ की स्थिति नहीं; कच्चे मकानों पर नजर:14 घंटे से बारिश, जलभराव वाले इलाकों में अलर्ट, कच्चे मकानों से लोगों को बाहर निकलवाया
रामपुर में शनिवार दोपहर करीब 3 बजे नगर कोतवाली में मीडिया से बातचीत के दौरान डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने जिले में बाढ़ की स्थिति से इनकार किया। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव हो सकता है, लेकिन इसे बाढ़ नहीं माना जा सकता। पुलिस, प्रशासन और राजस्व विभाग की टीमें लगातार स्थिति पर नजर रख रही हैं। रामगंगा और कोसी में पानी छोड़े जाने पर बनती है बाढ़ की स्थिति डीएम ने बताया कि रामगंगा और कोसी नदी में रामनगर-बहराइच से पानी छोड़े जाने के बाद ही बाढ़ की स्थिति बनती है। फिलहाल जिले में ऐसी स्थिति नहीं है। जलभराव वाले स्थानों पर नगर पालिका की टीमें भी निगरानी कर रही हैं। कच्चे मकानों में रहने वालों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया लगातार बारिश के बीच कच्चे मकानों के गिरने की आशंका को देखते हुए प्रशासन पहले से सतर्क है। डीएम ने बताया कि जिन कच्चे मकानों के गिरने की आशंका थी, वहां रहने वाले लोगों को पहले ही बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया है। पुलिस और प्रशासन की टीमें इन परिवारों पर नजर रख रही हैं। फसल नुकसान का कराया जा रहा आकलन डीएम ने कहा कि बारिश से प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा दिलाया जाएगा। फसलों को हुए नुकसान का भी आकलन कराया जा रहा है। टीमें खेतों और प्रभावित क्षेत्रों में जाकर स्थिति देख रही हैं, ताकि फसल खराब होने पर किसानों को राहत दिलाई जा सके। स्कूलों में की गई छुट्टी बारिश को देखते हुए जिले में स्कूलों की छुट्टियां की गई हैं। डीएम ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा है। पुलिस, प्रशासन, राजस्व, नगर पालिका और नगर पंचायत की टीमें लगातार क्षेत्रों में निगरानी कर रही हैं। लोगों से सतर्क रहने की अपील डीएम ने लोगों से बारिश के दौरान सतर्क रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की। अधिकारियों को जलभराव समेत किसी भी समस्या की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)