एसोसिएट प्रोफेसर 10वीं मंजिल से कूदी, मौत:नौकरी जाने के बाद से तनाव में थीं, पुलिस कारणों की जांच कर रही
ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा-2 क्षेत्र की केंद्रीय विहार सोसायटी में बुधवार शाम एक महिला ने 10वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जानकारी में महिला के नौकरी छूटने के बाद से तनाव में होने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस को अभी तक आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान 34 वर्षीय सायना के रूप में हुई है। वह अपने पति रोहित मुंजाल और पांच साल के बेटे के साथ केंद्रीय विहार सोसायटी के सी-10 टावर में रहती थीं। बुधवार शाम करीब साढ़े पांच बजे वह सोसायटी की 10वीं मंजिल से नीचे गिर गईं। ऊंचाई से गिरने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सायना ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क इलाके में एक निजी कॉलेज में एसोसिएट प्रोफेसर थीं। वह कंप्यूटर साइंस विषय पढ़ाती थीं। कुछ समय पहले उनकी नौकरी चली गई थी। इसके बाद से वह तनाव में चल रही थीं। पुलिस के अनुसार उनके पति रोहित मुंजाल ने पूछताछ के दौरान नौकरी छूटने के बाद से पत्नी के तनाव में रहने की बात बताई है। रोहित का चंडीगढ़ में कारोबार है। परिवार में पांच साल का एक बेटा है। पुलिस के मुताबिक घटना के संबंध में अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल महिला के 10वीं मंजिल से गिरने के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों से बातचीत कर रही है और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)