एटा में ईशन नदी से शुरू होगा पुनरुद्धार अभियान:छह चरणों में नदियों से हटेंगे कब्जे और गंदे पानी पर लगेगी रोक

Nov 27, 2026 - 19:26
0
एटा में ईशन नदी से शुरू होगा पुनरुद्धार अभियान:छह चरणों में नदियों से हटेंगे कब्जे और गंदे पानी पर लगेगी रोक
एटा में नदियों को अतिक्रमण मुक्त कराने और उनका प्राकृतिक जल प्रवाह बहाल करने के लिए छह चरणों में अभियान चलेगा। इसकी शुरुआत ईशन नदी के पुनरुद्धार से होगी। जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली इसकी निगरानी करेंगी। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को एक माह के भीतर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। अभियान में नदियों में गिरने वाले गंदे पानी पर रोक लगाने और जलधारा को लगातार बहाने के काम भी शामिल हैं। नदियों को प्रदूषण मुक्त करने पर चर्चा शुक्रवार शाम 6 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें छोटी और सहायक नदियों को बचाने, उनका जल प्रवाह बहाल करने, नदी किनारे से अवैध कब्जे हटाने और नदियों को प्रदूषण मुक्त करने पर चर्चा हुई। उपसमिति को तुरंत काम शुरू करने के निर्देश जिलाधिकारी ने कहा कि नदी पुनरुद्धार का काम सिर्फ कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि जमीन पर लागू हो। उन्होंने जिला गंगा समिति की उपसमिति को तुरंत काम शुरू करने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र को उपसमिति का अध्यक्ष और नोडल अधिकारी बनाया गया है। जिलाधिकारी समय-समय पर काम की समीक्षा करेंगी। अभियान के प्रथम चरण में राजस्व विभाग नदी क्षेत्र की भूमि का सर्वेक्षण, चिह्नांकन और सीमांकन कराकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करेगा। दूसरे चरण में नगर विकास, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और पंचायती राज विभाग नदी में गिरने वाले घरेलू गंदे पानी एवं अपशिष्ट जल को रोकने के लिए कदम उठाएंगे। तीसरे चरण में सिंचाई विभाग नदी की लेवल मैपिंग कर सिल्ट का आकलन करेगा और नियमानुसार सफाई कराएगा। चौथे चरण में नदी किनारे बंधों का निर्माण कराया जाएगा। बंधों और आसपास के क्षेत्रों में पौधरोपण साथ ही कैचमेंट एरिया में बीबी-जी राम जी योजना के तहत तालाबों और नालों का जीर्णोद्धार होगा। पांचवें चरण में वन विभाग नदी के कैचमेंट एरिया, बंधों और आसपास के क्षेत्रों में पौधरोपण कराएगा। छठे एवं अंतिम चरण में कृषि विभाग नदी किनारे प्राकृतिक और जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों की कार्यशालाएं आयोजित करेगा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। ईशन नदी की विस्तृत कार्ययोजना एक माह में तैयार कर जिला गंगा समिति के समक्ष प्रस्तुत की जाए, ताकि जल्द से जल्द पुनरुद्धार का काम शुरू हो सके। बैठक में डीएफओ विपिन वर्मा, एसडीएम सदर रविंद्र सिंह, डीपीआरओ अभिलाष बाबू, डीसी एनआरएलएम विकल कुमार सहित सिंचाई विभाग के अभियंता एवं विभिन्न ब्लॉकों के खंड विकास अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User