हैलट अस्पताल से लापता युवक का पार्क में शव मिला:कानपुर में 3 दिन से तलाश हो रही थी, पत्नी बोली-पर्चा बनवाकर लौटी तो मिले नहीं थे

Nov 27, 2026 - 19:26
0
हैलट अस्पताल से लापता युवक का पार्क में शव मिला:कानपुर में 3 दिन से तलाश हो रही थी, पत्नी बोली-पर्चा बनवाकर लौटी तो मिले नहीं थे
कानपुर के काकादेव स्थित सर्वोदय नगर के गांधी पार्क में गुरुवार देर शाम एक युवक का शव मिला। शुक्रवार को सोशल मीडिया पर प्रसारित फोटो देखकर परिजनों ने उसकी पहचान चकेरी के हरजेंद्र नगर निवासी बॉबी (35) के रूप में की। वह मंगलवार को पत्नी के साथ हैलट अस्पताल में दवा लेने गए थे। पत्नी पर्चा बनवाने गई, इसी दौरान बॉबी अचानक लापता हो गए थे। परिजनों ने आरोप लगाया कि उन्होंने पुलिस से मदद मांगी, लेकिन उन्हें एक थाने से दूसरे थाने भेजा जाता रहा। पत्नी पर्चा बनवाने गई, पीछे से लापता हो गए बॉबी बॉबी ऑटो मैकेनिक थे। परिवार में पत्नी अंशु और एक साल का बेटा कृष्ण है। उनके तीन भाई अर्जुन, सागर और विशाल हैं। छोटे भाई विशाल ने बताया कि बॉबी पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। मंगलवार को वह पत्नी अंशु के साथ हैलट अस्पताल में दवा लेने गए थे। अस्पताल पहुंचने के बाद अंशु पर्चा बनवाने चली गईं। इसी दौरान बॉबी अचानक कहीं चले गए। काफी देर तक वापस नहीं लौटे तो पत्नी ने अस्पताल परिसर में उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने परिवार को फोन कर सूचना दी। भाई भी अस्पताल पहुंचे और आसपास तलाश की, लेकिन बॉबी का पता नहीं चला। पहले स्वरूप नगर, फिर काकादेव थाने पहुंचे परिजन परिजनों के मुताबिक, उन्होंने पहले स्वरूप नगर थाने में संपर्क किया। इसके बाद काकादेव थाने पहुंचकर बॉबी के लापता होने की जानकारी दी और तलाश में मदद मांगी। आरोप है कि काकादेव पुलिस ने उन्हें चकेरी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने की बात कहकर वापस भेज दिया। इसके बाद बुधवार को चकेरी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। इसी बीच गुरुवार देर शाम स्थानीय लोगों ने गांधी पार्क में एक युवक का शव मिलने की सूचना डायल 112 पर दी। काकादेव पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। काफी प्रयास के बाद भी शव की पहचान नहीं हो सकी तो पुलिस ने उसकी फोटो सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दी। फोटो देखकर थाने पहुंचे परिजन, शव की पहचान की शुक्रवार को फोटो देखकर परिजन काकादेव थाने पहुंचे। पुलिस ने बॉबी की फोटो उनके छोटे भाई विशाल को दिखाई तो उन्होंने शव की पहचान अपने बड़े भाई के रूप में की। शव देखकर परिजन बिलख पड़े। पत्नी अंशु और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों का आरोप है कि बॉबी के लापता होने के बाद समय रहते पुलिस ने तलाश शुरू नहीं की। उनका कहना है कि अगर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की होती तो शायद बॉबी की जान बच सकती थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह काकादेव थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि गांधी पार्क में शव मिलने के बाद पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों की ओर से पुलिस पर लगाए गए आरोप निराधार हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User