गोंडा में शादी में चाकू लगने से किशोर की मौत:खोड़ारे में बारात के दौरान चाकूबाजी, अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में तोड़ा दम
गोंडा के खोड़ारे क्षेत्र में शादी समारोह में चाकू लगने से 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। 26 नवंबर की रात करीब 11:15 बजे अहिरौली जोकहा गांव में किशोर बारात में शामिल होने गया था। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। बारात में नाचते समय हुआ हमला जानकारी के मुताबिक, अहिरौली जोकहा निवासी रामकेवल शर्मा की बेटी मनीषा की शादी थी। 26 नवंबर की रात बारात डीजे और रोड लाइट के साथ नाचते-गाते द्वार पूजा के लिए लड़की पक्ष के घर जा रही थी। इसी दौरान गांव का रहने वाला मोहम्मद हामिद (16), पुत्र झिनकन भी बारातियों के साथ नाच-गाने में शामिल था। तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने हामिद को चाकू मार दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव के शुभम मिश्रा और रमजान घायल हामिद को मोटरसाइकिल से इलाज के लिए सीएचसी बुक्कनपुर ले जा रहे थे। अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। अज्ञात हमलावर की तलाश में जुटी पुलिस पीआरवी 5120 से सूचना मिलने पर खोड़ारे थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस के मुताबिक, गांव में फिलहाल शांति व्यवस्था कायम है। मामले की जांच की जा रही है और चाकू मारने वाले अज्ञात हमलावर की तलाश जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)