गोरखपुर में बारिश का कहर, देखें VIDEO:1 घंटे में बरसा रिकार्ड 120 MM पानी; सड़कें बनीं तालाब, घर-दुकानों में घुसा पानी
गोरखपुर में शनिवार को हुई मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी। शाम 4 से 7 बजे के बीच महज तीन घंटे में करीब 170 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसमें करीब एक घंटे में ही 120 मिमी पानी बरसा। इसके बाद गोलघर, हरिओम नगर, विजय चौक, रुस्तमपुर, धर्मशाला, बेतियाहाता और शास्त्रीनगर समेत कई इलाकों में घुटने तक पानी भर गया। सड़कें तालाब बन गईं और कई घरों व दुकानों में भी पानी घुस गया। तेज आंधी में कई जगह पेड़ और बिजली के पोल भी गिर गए। धर्मशाला में पेड़ मकान पर गिरने से तीन लोग घायल हो गए। मौसम वैज्ञानिकों ने शनिवार रात और रविवार को भी बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। देखिए बारिश की 3 तस्वीरें घुटने तक पानी, पैंट मोड़कर निकलते दिखे लोग शाम को बारिश तेज होने के बाद शहर की प्रमुख सड़कों पर पानी भर गया। गोलघर, हरिओम नगर और विजय चौक में कई जगह घुटने तक पानी लग गया। रुस्तमपुर से आजाद चौक तक भी सड़क पर काफी पानी भर गया। लोग पैंट मोड़कर पानी के बीच से आते-जाते दिखाई दिए।
जलभराव के कारण कई दोपहिया वाहन भी बंद हो गए। पानी साइलेंसर तक पहुंचने के बाद स्कूटी और बाइक सड़कों पर ही खड़ी हो गईं। कई लोग अपनी बंद बाइक और स्कूटी को पानी के बीच पैदल खींचते नजर आए। पार्किंग में खड़ी गाड़ियां भी आधी डूबीं हरिओम नगर और गोलघर में जलभराव का असर पार्किंग में भी दिखाई दिया। यहां खड़ी कारों और स्कूटी का आधे से ज्यादा हिस्सा पानी में डूब गया। लोगों को अपनी गाड़ियों तक पहुंचने में भी परेशानी हुई। धर्मशाला इलाके में सड़क से लेकर पुलिया तक पानी भर गया। बेतियाहाता में मुंशी प्रेमचंद पार्क के सामने वाली सड़क भी पूरी तरह जलमग्न हो गई। यहां से ट्रांसपोर्ट नगर की ओर जाने वाले रास्ते पर भी वाहन पानी के बीच से गुजरते दिखाई दिए। रेलवे पर भी दिखा असर वहीं दूसरी तरफ शनिवार सुबह गोंडा और बस्ती के बीच अलग-अलग जगहों पर रेलवे ट्रैक पर 40 से अधिक पेड़ गिर गए। इससे डाउन और अपवर्ड ट्रैक पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया। इसका असर गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर भी देखने को मिला। कई ट्रेनें रास्ते में रोकनी पड़ीं, जबकि दर्जनभर से अधिक ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी देरी से चल रही हैं। रेल प्रशासन ने बताया कि- लखनऊ मंडल में अलग-अलग स्थानों पर करीब 40 से अधिक पेड़ गिरने की सूचना मिली थी। ट्रैक पर गिरे पेड़ों को हटाने के साथ ही रेलवे की टीमें ट्रेनों का संचालन सामान्य कराने में जुटी थी। शास्त्रीनगर में घरों तक पहुंचा पानी शास्त्रीनगर में बारिश का पानी सड़कों से होते हुए घरों तक पहुंच गया। लोगों के लिए घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। कुछ घरों की रसोई तक पानी पहुंच गया। स्थानीय लोग घरों से पानी निकालने में जुटे रहे। दिन में जिन इलाकों का कमिश्नर और नगर आयुक्त ने निरीक्षण किया था, बारिश के बाद वहां भी दोबारा जलभराव की स्थिति बन गई। नगर आयुक्त बोले- पंप लगातार चलाने के निर्देश नगर आयुक्त अजय जैन ने बताया कि सभी पंपिंग स्टेशनों को लगातार मशीनें चलाने के निर्देश दिए गए हैं। शनिवार को शहर में बहुत अधिक बारिश हुई है। इस वजह से जल निकासी में एक से दो घंटे का समय लग सकता है। निचले इलाकों में अतिरिक्त पंप लगाकर पानी निकालने का काम कराया जा रहा है। मेहवा मंडी में दुकानों और गोदामों में घुसा पानी मूसलाधार बारिश का असर मेहवा मंडी में भी दिखाई दिया। चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय सिंघानिया ने मंडी में व्यापारिक प्रतिष्ठानों और गोदामों में पानी भरने की जानकारी प्रशासन को दी। उन्होंने मुख्यमंत्री को भी मामले से अवगत कराया। इसके बाद नगर आयुक्त ने मंडी स्थल का निरीक्षण किया और जल निकासी के लिए तत्काल पंपिंग सेट लगाने के निर्देश दिए। व्यापारियों के मुताबिक पानी भरने से सामान और प्रतिष्ठानों को नुकसान हुआ है। नुकसान का सही आकलन मौसम साफ होने के बाद ही हो सकेगा। व्यापारियों ने नुकसान की भरपाई की मांग की है। तेज हवा में कई जगह गिरे पेड़ बारिश के साथ तेज हवाओं के कारण शहर में कई जगह पेड़ गिर गए। विकास नगर (लच्छीपुर) में सुबह करीब 5 बजे एक विशाल पेड़ सड़क पर गिर गया। इससे रास्ता बंद हो गया और काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। लोगों को दफ्तर और जरूरी काम के लिए निकलने में परेशानी हुई। खोराबार के रानीडीहा इलाके में भी एक विशाल पेड़ गिर गया। पेड़ का एक हिस्सा निरंजन निषाद के टीन शेड और दूसरा हिस्सा जवाहर पासवान के मकान की छत पर गिरा। दोनों घरों को नुकसान हुआ। पेड़ गिरने की आवाज से आसपास अफरातफरी मच गई। हालांकि परिवार के लोग समय रहते बाहर निकल आए, जिससे जनहानि नहीं हुई। धर्मशाला में मकान पर गिरा 80 साल पुराना पेड़, तीन घायल वार्ड नंबर 48 धर्मशाला के जटेपुर दक्षिणी काली मंदिर गली में शनिवार को करीब 80 साल पुराना पाकड़ का पेड़ तेज आंधी में अचानक एक मकान पर गिर गया। हादसे के समय घर के अंदर करीब 5 से 7 लोग मौजूद थे। पेड़ गिरने से मकान का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर पेड़ के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने के बाद डीएम दीपक मीणा भी घायलों से मिलने पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में घायलों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। नगर निगम ने बनाई रात्रिकालीन क्विक रिस्पांस टीम भारी बारिश को देखते हुए नगर निगम ने जलभराव वाले इलाकों में अतिरिक्त पंप लगाए हैं। जहां जल निकासी में किसी तरह की रुकावट मिली, वहां टीम भेजकर पानी निकालने का काम कराया गया। जलभराव की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के लिए विशेष रात्रिकालीन क्विक रिस्पांस टीम (QRT) गठित की गई है। नगर निगम मुख्यालय का कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय कर दिया गया है। अलग-अलग पालियों में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। जलभराव हो तो इन नंबरों पर करें शिकायत नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि जलभराव या किसी अन्य समस्या की स्थिति में तत्काल सूचना दें। इसके लिए 1533, 8810709390 और 0551-2342621 हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। नगर निगम का कहना है कि सूचना मिलते ही संबंधित टीम को मौके पर भेजकर जल निकासी की कार्रवाई की जाएगी। रविवार को भी बारिश के आसार मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक शनिवार रात और रविवार को भी गोरखपुर में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। ऐसे में निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है। नगर निगम ने पंपिंग स्टेशनों को लगातार सक्रिय रखने और जलभराव वाले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)