गोरखपुर में मकान पर गिरा 80 साल पुराना पेड़:3 का सिर फटा; घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे DM

Sep 26, 2026 - 17:37
0
गोरखपुर में मकान पर गिरा 80 साल पुराना पेड़:3 का सिर फटा; घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे DM
गोरखपुर के वार्ड नंबर 48 के धर्मशाला स्थित जटेपुर दक्षिणी काली मंदिर गली में शनिवार को तेज आंधी-तूफान के बीच करीब 80 साल पुराना पाकड़ का पेड़ अचानक भरभराकर एक मकान पर गिर गया। जिस समय हादसा हुआ, घर के अंदर करीब 5-7 लोग मौजूद थे। पेड़ गिरने से मकान का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर पेड़ के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही डीएम दीपक मीणा सभी घायलों से मिलने पहुचे। वहां उन्होंने घायलों से बातचीत की और उनका हालचाल जाना। बिजली के 3-4 खंभे टूटे, तार जमीन पर लटके पेड़ का एक हिस्सा मोहल्ले के बिजली के पोल पर भी जा गिरा। इससे 3 से 4 बिजली के खंभे टूट गए और बिजली के तार जमीन पर लटक गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पार्षद बबलू गुप्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिजली विभाग को फोन कर तत्काल बिजली कटवाई, ताकि रेस्क्यू के दौरान करंट की चपेट में आने का खतरा न रहे। वन विभाग को भी पेड़ गिरने की सूचना दी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि गोरखपुर में पिछले तीन दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। बारिश और तेज हवा के बीच अचानक पेड़ गिरने से यह हादसा हुआ। घर में मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला हादसा इतना अचानक हुआ कि घर के अंदर मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। पेड़ और मकान का मलबा गिरने से किसी के सिर में चोट आई तो किसी के हाथ से खून निकलने लगा। आसपास के लोग आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गए। गंभीर रूप से घायल सुरेश, सुभाष, मुन्नी और चुन्नी का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के समय घर में चुन्नी, सुभाष पासवान, सुरेश पासवान, अनुज पासवान, इंद्रजीत पासवान, कुमकुम पासवान, काजल पासवान, चंदन, विजय, कुसुम देवी, राम पलट पासवान, रवि पासवान, सुरेश, सुभाष, मुन्नी और चुन्नी समेत परिवार के कई लोग मौजूद थे। मलबे में दबा हजारों का सामान घर में रहने वाले अनुज ने बताया कि हादसे में घर का लगभग सारा सामान बर्बाद हो गया। वह कपड़े का व्यापार करते हैं। हादसे से पहले उन्होंने जो सामान खरीदकर रखा था, वह भी पेड़ और मलबे के नीचे दब गया। अनुज ने बताया, “घर के अंदर करीब सारा सामान बर्बाद हो गया। मैं कपड़े का व्यापारी हूं मैंने जो भी सामान खरीद कर लाया था वह उसमें दब गया और नष्ट हो गया है। और तीन-चार परिवार जो यहां रहता था वह लोग सब्जी का व्यापार करते थे। मेरी यही सरकार से मांग है कि हम सब की मदद की जाए और उचित मुआवजा दिया जाए।” चश्मदीद असलम ने बताया- थरथराहट की आवाज सुनकर नीचे आया दैनिक भास्कर से बात करते हुए चश्मदीद असलम ने बताया कि वह घटना के समय अपनी किचन में खड़े थे। तभी उन्हें अचानक तेज थरथराहट की आवाज सुनाई दी। उन्होंने जंगले से बाहर देखा तो नीचे पेड़ गिरा हुआ था। असलम ने बताया, "मैं अपनी किचन में खड़ा था तभी अचानक से थरथराहट की आवाज आई मैं भाग कर जंगले से देखा तो नीचे पेड़ गिरा हुआ मिला। समय गवाई बगैर मैं भाग कर नीचे आया आसपास के लोगों को बुलाया और हम लोग पेड़ के नीचे दबे लोगों को निकालने में लग गए।" पार्षद बोले- गरीब परिवारों को मिले उचित मुआवजा घटना की जानकारी मिलते ही पार्षद बबलू गुप्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिजली विभाग और वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। पार्षद ने कहा कि हादसे में प्रभावित परिवार काफी गरीब हैं। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User