HIV नियंत्रण में वाराणसी प्रदेश में नंबर-1:सुरक्षित जिले का मिला दर्जा; दो ART सेंटरों पर करीब 4,800 मरीज करा रहे इलाज
HIV/एड्स नियंत्रण में वाराणसी ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO) की ओर से जारी रैंकिंग में जिले को ‘सुरक्षित’ श्रेणी में रखा गया है। जिले में करीब 4,800 HIV पॉजिटिव मरीज है। इनमें 25 से 40 साल के मरीजों की संख्या सबसे ज्यादा है। महिला और पुरुष मरीजों की संख्या लगभग बराबर है। जिले में BHU और पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल के दो ART सेंटरों पर मरीजों का इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 4,105 मरीजों का वायरल लोड सप्रेस्ड है। 95-95-95 के तीन मानकों पर मिली सफलता राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन HIV नियंत्रण कार्यक्रम की प्रगति का आकलन 95-95-95 के तीन मानकों पर करता है। पहले मानक के तहत अनुमानित HIV संक्रमित आबादी के कम से कम 95% लोगों की पहचान होनी चाहिए। दूसरे मानक में पहचाने गए संक्रमितों में से 95% को एंटी रेट्रोवायरल थेरेपी (ART) से जोड़ना जरूरी है। तीसरे मानक के अनुसार, ART का इलाज करा रहे 95% मरीजों का वायरल लोड सप्रेस्ड होना चाहिए। इन तीनों मानकों पर उपलब्धि हासिल करने वाले जिले को सुरक्षित श्रेणी में रखा जाता है। पहले मिला था सक्षम जिले का दर्जा जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पीयूष राय के मुताबिक, वाराणसी उत्तर प्रदेश में ‘सक्षम’ घोषित होने वाला पहला जिला था। अब 95-95-95 के तीनों मानकों पर उपलब्धि हासिल कर जिले ने सुरक्षित श्रेणी में प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने इस उपलब्धि का श्रेय स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, चिकित्सकों, परामर्शदाताओं, तकनीकी कर्मचारियों और सामुदायिक संगठनों के सामूहिक प्रयासों को दिया। दो ART सेंटरों पर चल रहा इलाज वाराणसी में BHU और पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल में ART सेंटर संचालित हैं। यहां जिले के साथ आसपास के दूसरे जिलों के मरीज भी इलाज कराने आते हैं। अधिकारियों के मुताबिक, BHU के ART सेंटर में इलाज करा रहे मरीजों में करीब 15% वाराणसी के हैं, जबकि दीनदयाल अस्पताल में लगभग 80% मरीज वाराणसी के हैं। बाकी मरीज दूसरे जिलों से आते हैं। इसलिए दोनों सेंटरों पर पंजीकृत मरीजों की कुल संख्या और वाराणसी के स्थानीय मरीजों की संख्या अलग-अलग है। 25 से 40 साल के मरीज सबसे ज्यादा HIV संक्रमितों में 25 से 40 साल के आयु वर्ग के मरीजों की संख्या सबसे अधिक है। महिला और पुरुष मरीजों का आंकड़ा लगभग बराबर है। स्वास्थ्य विभाग मरीजों को नियमित दवा लेने और इलाज बीच में नहीं छोड़ने के लिए जागरूक कर रहा है। नियमित ART दवा लेने से वायरल लोड नियंत्रित रखने में मदद मिलती है। मरीजों की नियमित निगरानी भी की जाती है। मां से बच्चे में संक्रमण रोकने पर भी काम HIV संक्रमित गर्भवती महिलाओं के इलाज और काउंसिलिंग पर भी विभाग का जोर है। समय पर संक्रमण की पहचान और उचित इलाज से मां से बच्चे में संक्रमण का खतरा कम किया जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, संक्रमित माता-पिता के बच्चों को संक्रमण से बचाने के लिए भी जरूरी चिकित्सकीय कदम उठाए जाते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)