लखनऊ में खादी महोत्सव शुरू, 150 स्टॉल लगे:खादी के कपड़ों पर मिल रही 30% छूट,मंत्री राकेश सचान बोले - पांच साल में 24,799 ग्रामोद्योग इकाइयां स्थापित
गोमती नगर में शुक्रवार को 10 दिवसीय उत्तर प्रदेश खादी महोत्सव-2026 की शुरुआत हुई। केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस महोत्सव का उद्घाटन प्रदेश के खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान ने किया। 'धागों में संस्कृति, खादी से प्रगति' थीम पर आयोजित यह महोत्सव 27 नवंबर से 6 दिसंबर तक चलेगा। इसमें प्रदेश के अलग-अलग जिलों के खादी और ग्रामोद्योग से जुड़े उद्यमियों एवं शिल्पकारों ने 150 स्टॉल लगाए हैं। यहां लोगों को खादी के कपड़ों के साथ ग्रामोद्योग के अलग-अलग उत्पाद खरीदने का मौका मिलेगा।
खादी को बताया स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता का प्रतीक उद्घाटन के बाद मंत्री राकेश सचान ने कहा कि खादी केवल एक वस्त्र नहीं, बल्कि विचार, स्वाभिमान और सम्मान का प्रतीक है। महात्मा गांधी ने खादी को आजादी के आंदोलन और स्वदेशी की ताकत बनाया था। आज भी खादी को बढ़ावा देना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत अभियान से खादी को नई पहचान मिली है। मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से भी प्रधानमंत्री लगातार लोगों से खादी अपनाने की अपील करते रहे हैं। इससे खादी की बिक्री बढ़ने के साथ बुनकरों और कारीगरों को भी प्रोत्साहन मिला है। पांच साल में 2.79 लाख लोगों को मिला रोजगार मंत्री ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि पिछले पांच वर्षों में मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना और प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत 2,544.35 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया। इसके जरिए प्रदेश में 24,799 ग्रामोद्योग इकाइयां स्थापित कराई गईं, जिनसे 2.79 लाख से अधिक लोगों को रोजगार मिला है। सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनें। 115 प्रदर्शनियों में 161 करोड़ रुपये की बिक्री राकेश सचान ने बताया कि प्रदेश के सभी 18 मंडलों में अब तक 115 प्रदर्शनियों का आयोजन किया जा चुका है। इनमें 27,508 स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से 161 करोड़ 54 लाख रुपये से अधिक के उत्पादों की बिक्री हुई। उन्होंने कहा कि इन आंकड़ों से पता चलता है कि खादी और ग्रामोद्योग के उत्पादों के प्रति लोगों के साथ युवाओं की दिलचस्पी भी बढ़ रही है। खादी के कपड़ों पर मिल रही 30 प्रतिशत छूट महोत्सव में लगे स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए मंत्री ने कहा कि अब खादी सिर्फ पारंपरिक कपड़ों तक सीमित नहीं है। इसमें आधुनिक डिजाइन और नए फैशन के विकल्प भी उपलब्ध हैं। 100 प्रतिशत शुद्ध कॉटन से बने खादी के परिधान युवाओं को भी पसंद आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि गांधी जयंती यानी 2 अक्टूबर से खादी वस्त्रों और गारमेंट्स पर 30 प्रतिशत की विशेष छूट दी जा रही है। शादी-विवाह और दूसरे मांगलिक आयोजनों में भी खादी के कपड़ों को अपनाकर स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित किया जा सकता है।
लखनऊ के लोगों से खादी खरीदने की अपील मंत्री ने राजधानी के लोगों और मीडिया से अपील की कि वे 6 दिसंबर तक चलने वाले महोत्सव में पहुंचें और स्टॉलों पर उपलब्ध उत्पादों को देखें। कम से कम एक खादी वस्त्र जरूर खरीदें, ताकि बुनकरों और स्थानीय उत्पादकों को आर्थिक मदद मिल सके। इस दौरान उन्होंने लोगों को खादी को जन-जन तक पहुंचाने, स्थानीय कारीगरों को बाजार उपलब्ध कराने और युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का संकल्प भी दिलाया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)