जालौन डीएम-एसपी ने मध्य प्रदेश सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था परखी:सीसीटीवी, लाइट और साफ-सफाई दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, सुंदरता पर भी जोर
जालौन के डीएम समीर और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने शनिवार को शाम 5 बजे मध्य प्रदेश से लगी जालौन की अंतरराज्यीय सीमा का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने माधौगढ़ क्षेत्र के महाराजपुर बॉर्डर सहित मध्य प्रदेश की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों का निरीक्षण करते हुए सीमा पर आवागमन, निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान डीएम-एसपी ने संबंधित अधिकारियों से बॉर्डर क्षेत्र में तैनात सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अंतरराज्यीय सीमा पर लगातार सतर्कता बरतनेb और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। महाराजपुर बॉर्डर पर अंतरराज्यीय प्रवेश द्वार के आसपास साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और निगरानी के इंतजाम भी देखे गए। अधिकारियों ने प्रवेश द्वार के समीप लगी सोलर लाइटों और सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की जानकारी लेते हुए सभी उपकरणों को हर समय क्रियाशील रखने के निर्देश दिए।
डीएम ने बॉर्डर क्षेत्र में उगी घास-फूस तथा सड़क किनारे जमा मिट्टी और कीचड़ को तत्काल हटाकर परिसर को साफ-सुथरा रखने को कहा। उन्होंने अंतरराज्यीय प्रवेश द्वारों की भव्यता और सुंदरता बनाए रखने पर भी जोर दिया। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को प्रवेश द्वारों के नियमित रखरखाव और आवश्यक मरम्मत कार्य समयबद्ध तरीके से कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही आसपास फूलदार एवं सजावटी पौधे लगाकर सौंदर्यीकरण कराने को कहा गया, ताकि मध्य प्रदेश से जालौन में प्रवेश करने वाले लोगों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित वातावरण नजर आए। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को बॉर्डर क्षेत्र की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने तथा आवश्यक सुधार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)