महोबा में 38-घंटे की बारिश से बीजा नगर टापू बना:सड़कों पर नाव चलाकर निकल रहे ग्रामीण, घरों में पानी घुसने से अनाज खराब
महोबा में 38 घंटे से हो रही बारिश के बाद मुख्यालय से करीब 2 किलोमीटर दूर बीजा नगर गांव में हालात बिगड़ गए हैं। जलभराव के कारण गांव का मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। सड़कें पानी में डूबने से ग्रामीण नाव के सहारे आवागमन कर रहे हैं। घरों में पानी घुसने से अनाज और गृहस्थी का सामान खराब हो गया है। लकड़ियां गीली होने से चूल्हे नहीं जल पा रहे हैं। जिन परिवारों में गैस सिलेंडर खत्म हो गए हैं, वे बाजार से सिलेंडर लेने तक नहीं जा पा रहे हैं। बीमार बच्चों को कमर तक पानी में ले जा रहे अस्पताल जलभराव के कारण बीमार बच्चों को अस्पताल पहुंचाना भी चुनौती बन गया है। ग्रामीण रामेश्वर कुशवाहा और रामबाई बच्चों को कभी कमर तक भरे पानी से तो कभी नाव के सहारे अस्पताल ले जाने को मजबूर हैं। गांव में जगह-जगह टूटे नालों के कारण हादसे का खतरा भी बना हुआ है। ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले महीने भी बारिश के बाद गांव में ऐसे ही हालात बने थे। अब दोबारा बारिश होने से स्थिति और खराब हो गई है। करीब 10 घरों में पानी घुसने से सामान बर्बाद होने की बात ग्रामीणों ने बताई है। एक महीने से बंद है जूनियर हाईस्कूल जलभराव का असर शिक्षा व्यवस्था पर भी पड़ा है। गांव का जूनियर हाईस्कूल पिछले करीब एक महीने से बंद है। स्कूल तक पहुंचने वाले रास्ते में पानी भरा होने के कारण बच्चे विद्यालय नहीं जा पा रहे हैं। वहीं, जलभराव के चलते मजदूर काम पर नहीं जा पा रहे हैं। नाविकों को छोड़कर ज्यादातर ग्रामीण अपने घरों में रहने को मजबूर हैं। गांव के लोगों का कहना है कि लगातार पानी भरा होने से रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीण बोले- पहले भी डीएम से लगाई थी गुहार स्थानीय निवासियों का आरोप है कि वे पहले भी डीएम से गांव की समस्या को लेकर गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अब तक जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई। ग्रामीणों के अनुसार, अभी तक गांव में राहत सामग्री भी नहीं पहुंची है। ग्रामीण प्रशासन से जल निकासी की व्यवस्था कराने और प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि लगातार जलभराव के कारण गांव के लोगों को खाने-पीने से लेकर इलाज और आवागमन तक में परेशानी हो रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)