2027 चुनाव से पहले मुस्लिम वोटों पर बहस तेज:पसमांदा नेताओं ने सपा से मांगी हिस्सेदारी, लोगों ने सरकार के कामकाज की तारीफ की
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मुस्लिम मतदाताओं के रुख और राजनीतिक भागीदारी को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। दैनिक भास्कर ने बाराबंकी के मुस्लिम इलाकों में लोगों से बातचीत की। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की ओर से समाजवादी पार्टी पर निशाना साधे जाने के बाद पसमांदा मुस्लिम नेताओं ने भी अखिलेश यादव और सपा की नीतियों पर सवाल उठाए। बातचीत में कुछ लोगों ने मौजूदा भाजपा सरकार के कामकाज की तारीफ की, तो कुछ ने सपा के वादों और मुस्लिम समाज को मिली राजनीतिक हिस्सेदारी पर सवाल खड़े किए। 'मुसलमान अब किसी दल का बंधुआ वोटर नहीं' ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसीम राईन ने सपा पर मुसलमानों को वोट बैंक की तरह इस्तेमाल करने और सत्ता व संगठन में पर्याप्त हिस्सेदारी नहीं देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अब मुसलमान किसी दल का बंधुआ वोटर नहीं है। 2027 में वह उसी दल के साथ जाएगा, जो उसे राजनीतिक भागीदारी और सम्मान देगा। ओवैसी ने कहा था कि मुसलमानों ने 2014, 2017, 2019 और 2022 के चुनावों में समाजवादी पार्टी का साथ दिया, लेकिन बदले में उन्हें कुछ नहीं मिला। इस पर वसीम राईन ने कहा कि अखिलेश यादव को करीब 90 फीसदी मुसलमानों के वोट मिलते रहे हैं, लेकिन संगठन और टिकट वितरण में उन्हें पर्याप्त जगह नहीं दी गई। मुजफ्फरनगर दंगों का भी किया जिक्र वसीम राईन ने कहा कि सपा का समर्थक होने के कारण पूरे मुस्लिम समाज को एक ही राजनीतिक दल से जोड़कर देखा जाने लगा। उन्होंने 2012 से 2017 के बीच सपा सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए मुजफ्फरनगर दंगों पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि उस दौरान बड़ी संख्या में मुसलमानों को पलायन करना पड़ा और महिलाओं पर अत्याचार हुए। उन्होंने कहा कि उस समय आजम खां जैसे कद्दावर मुस्लिम नेता भी हालात नहीं बदल सके। वसीम राईन ने मौजूदा सरकार की कानून-व्यवस्था की तारीफ करते हुए कहा कि प्रदेश में अमन-चैन कायम है, माफिया राज खत्म हुआ है और पसमांदा मुसलमानों को भी सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि 2027 में मुस्लिम मतदाता उसी दल का साथ देंगे, जो उन्हें सत्ता, संगठन और टिकट वितरण में उचित भागीदारी देगा। किसी ने रोजगार के वादों पर उठाए सवाल, किसी ने सरकार की योजनाएं गिनाईं ताज बाबा ने भाजपा सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि रोजगार और खाते में 15 लाख रुपये देने जैसे वादे अब तक पूरे नहीं हुए। उनका कहना है कि अखिलेश यादव की सरकार बनी तो जनता से किए गए वादे पूरे किए जाएंगे। वहीं, महमूद चौधरी ने मौजूदा सरकार की योजनाओं और कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए कहा कि गरीबों को मुफ्त राशन मिल रहा है और प्रदेश में अमन-चैन का माहौल है। उनके मुताबिक, आने वाले विधानसभा चुनाव में मुस्लिम मतदाताओं का रुख इस बात पर निर्भर करेगा कि उन्हें किस दल से अधिक सुविधाएं और बेहतर अवसर मिलते हैं। उन्होंने कहा कि गरीबों के हित में काम करने वाले नेताओं और दलों को जनता पसंद करती है। 'पसमांदा समाज को अब वास्तविक हिस्सेदारी चाहिए' मोहम्मद निसार राईन ने भी सपा पर मुसलमानों का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि खासकर पसमांदा समाज अब जागरूक हो चुका है और केवल चुनावी वादों से उसे बरगलाया नहीं जा सकता। बेरोजगारों को नौकरी और आर्थिक सहायता देने जैसे वादों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि पसमांदा समाज को अब वास्तविक राजनीतिक हिस्सेदारी चाहिए। जो दल उसे सम्मान और भागीदारी देगा, समाज उसी के साथ खड़ा होगा। ओवैसी के बयान के बाद पसमांदा नेताओं की प्रतिक्रियाओं ने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मुस्लिम मतों और राजनीतिक भागीदारी को लेकर बहस तेज कर दी है। बातचीत में सामने आया कि इन नेताओं की प्रमुख मांग सत्ता में हिस्सेदारी, टिकट वितरण और संगठन में उचित प्रतिनिधित्व की है। वहीं, कुछ लोगों ने रोजगार, आर्थिक सहायता, सरकारी योजनाओं और कानून-व्यवस्था को चुनावी रुख तय करने वाले मुद्दे बताया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)