मथुरा में चुनाव-2027 की तैयारियों के लिए अधिकारियों को प्रशिक्षण:जोनल-सेक्टर अधिकारियों को मतदान केंद्रों की जांच के निर्देश दिए
मथुरा में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जनपद की सभी पांचों विधानसभा क्षेत्रों में तैनात जोनल एवं सेक्टर अधिकारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इसमें अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी दायित्वों और जिम्मेदारियों की विस्तार से जानकारी दी गई। मतदान केंद्रों पर मिलेंगी मूलभूत सुविधाएं जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने आवंटित क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का नियमित निरीक्षण करें। बूथों पर फर्नीचर, हेल्प डेस्क, लाइटिंग, रैंप, साइनेज,शौचालय और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित कराई जाएं। निरीक्षण के दौरान मिलने वाली कमियों को समय रहते दूर कराया जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन की तैयारियों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संवेदनशील और क्रिटिकल बूथों की होगी पहचान प्रशिक्षण में संवेदनशीलता मानचित्रण और क्रिटिकल मतदान केंद्रों की पहचान पर विशेष जोर दिया गया। सेक्टर अधिकारियों को अपने क्षेत्रों के संवेदनशील गांवों,मजरों और बस्तियों का भ्रमण कर जानकारी जुटाने के निर्देश दिए गए। पूर्व की निर्वाचन संबंधी घटनाओं,स्थानीय परिस्थितियों और कानून-व्यवस्था की स्थिति का अध्ययन किया जाएगा। ऐसे व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों को भी चिह्नित किया जाएगा, जो मतदाताओं को डराने,धमकाने या प्रलोभन देकर मतदान प्रभावित कर सकते हैं। मतदाताओं में विश्वास बहाली पर जोर जिलाधिकारी ने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में स्थानीय नागरिकों और मतदाताओं से संवाद स्थापित किया जाए। उन्हें भरोसा दिलाया जाए कि निर्वाचन के दौरान प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रहेंगे। प्रत्येक मतदाता बिना किसी भय,दबाव या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करने के निर्देश दिए। मतदान प्रतिशत बढ़ाने के भी निर्देश जिलाधिकारी ने आमजन को मतदान के प्रति जागरूक करने और अधिक से अधिक लोगों को मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करने को कहा। साथ ही जनपद में जेंडर रेशियो में सुधार के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों से पूरी जिम्मेदारी,सतर्कता और निष्पक्षता के साथ निर्वाचन संबंधी कार्य करने की अपेक्षा की। प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा, एसडीएम गोवर्धन संजय सिंह, मांट के चंद्रभूषण प्रताप, सदर के मोहित कुमार, महावन की प्राजक्ता त्रिपाठी, छाता की साक्षी शर्मा सहित समस्त जोनल एवं सेक्टर अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)