फतेहपुर में सरकारी जमीन पर मकान बनाने का आरोप:लेखपाल की शिकायत पर केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के बिंदकी तहसील क्षेत्र में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे और निर्माण का मामला सामने आया है। तहसील प्रशासन की बार-बार चेतावनी और रोक के बावजूद एक व्यक्ति द्वारा सरकारी जमीन पर मकान बनवाने का आरोप है।तहसीलदार के निर्देश पर लेखपाल हरीश कुमार सिंह के तहरीर पर बुधवार को पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला बिंदकी तहसील क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव का है।एफआईआर में दर्ज शिकायत के मुताबिक, गांव की गाटा संख्या 327 (रकबा 0.2100 हेक्टेयर) और गाटा संख्या 328 (रकबा 0.3090 हेक्टेयर) राजस्व अभिलेखों में नवीन परती यानी सरकारी भूमि के रूप में दर्ज हैं। आरोप है कि गांव का ही निवासी कुंदन गाटा संख्या 327 की इस सरकारी जमीन पर अवैध रूप से मकान का निर्माण करा रहा था। शिकायत में बताया गया है कि अवैध निर्माण की सूचना मिलने पर राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने कई बार मौके पर पहुंचकर काम रुकवाया था। अधिकारियों ने आरोपी को सरकारी भूमि पर निर्माण न करने की सख्त हिदायत दी थी, लेकिन वह प्रशासन के आदेशों की अनदेखी करते हुए चोरी-छिपे निर्माण कार्य जारी रखे हुए था। लगातार मना करने के बावजूद जब आरोपी अवैध निर्माण से बाज नहीं आया, तो प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। इसके बाद तहसीलदार के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस के अनुसार, इस मामले में आरोपी कुंदन के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 324(5) और 329(3) के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस टीम ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है और मौके की स्थिति के साथ-साथ राजस्व अभिलेखों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)