प्रयागराज DM ने छठ पूजा के घाटों का निरीक्षण किया:छठ पूजा से पहले घाटों पर पूरी होंगी व्यवस्थाएं, संगम और अरैल घाट पहुंचे डीएम

Nov 12, 2026 - 20:39
0
प्रयागराज DM ने छठ पूजा के घाटों का निरीक्षण किया:छठ पूजा से पहले घाटों पर पूरी होंगी व्यवस्थाएं, संगम और अरैल घाट पहुंचे डीएम
प्रयागराज में छठ महापर्व को लेकर संगम नगरी में तैयारियां तेज हो गई हैं। घाटों पर छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिला प्रशासन ने व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में गुरुवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने नाव से संगम घाट समेत शहर के विभिन्न प्रमुख घाटों का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पूजा से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं हर हाल में पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा और सूर्यदेव को अर्घ्य देने में किसी तरह की परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने संगम घाट, राम घाट, अरैल घाट, बलुआघाट समेत अन्य घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने नगर निगम को निर्देश दिया कि सभी घाटों पर सफाई की बेहतर व्यवस्था रहे। बाढ़ का पानी उतरने के बाद घाटों पर जमा मिट्टी, कीचड़ और गंदगी को पूरी तरह हटाया जाए। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की भी सफाई कराई जाए, जिससे व्रतियों और उनके परिवारों को आने-जाने में दिक्कत न हो। डीएम ने विद्युत विभाग को घाटों और आसपास के रास्तों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, सुरक्षा के मद्देनजर गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने और खतरे का संकेत देने वाले बोर्ड लगाने को कहा। उन्होंने घाटों पर गोताखोरों की तैनाती के साथ चेंजिंग रूम और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था भी समय से पूरी कराने के निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन को यातायात व्यवस्था सुचारु रखने, वाहनों के लिए उचित पार्किंग की व्यवस्था करने और घाटों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने को कहा। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग को प्रमुख आयोजन स्थलों पर एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके। जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों के घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने को कहा। निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ऋषिराज, नगर आयुक्त सीलम साई तेजा, उपजिलाधिकारी विवेक शुक्ला समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User