प्रयागराज में 261 दिव्यांग बच्चों को मिले 352 सहायक उपकरण:ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, हियरिंग एड और ब्रेल किट बांटी गईं
दिव्यांग बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने के लिए बुधवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय हथिगहां में सहायक उपकरण वितरण शिविर लगाया गया। इसमें गंगापार क्षेत्र के 261 बच्चों को उनकी जरूरत के मुताबिक कुल 352 उपकरण दिए गए। शिविर का शुभारंभ विधायक गुरु प्रसाद मौर्य और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सितंबर 2026 में हुए परीक्षण शिविर के बाद एलिम्को कानपुर की तकनीकी टीम ने बच्चों की जरूरत के अनुसार उपकरणों के लिए उनके नाम तय किए थे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बच्चों की पढ़ाई और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी दी। किस बच्चे को कौन सा उपकरण मिला शिविर में 18 ट्राईसाइकिल, 61 व्हीलचेयर, 3 सीपी चेयर, 3 ब्रेल किट, 124 टीएलएम किट, 3 सुगम्य केन, 82 हियरिंग एड और 29 बैसाखी बांटी गईं। उचित संसाधन मिलने पर आत्मनिर्भर बनेंगे बच्चे विधायक गुरु प्रसाद मौर्य ने कहा कि दिव्यांग बच्चों में प्रतिभा और क्षमताओं की कमी नहीं है। उन्हें उचित अवसर, संसाधन और प्रोत्साहन मिले तो वे आत्मनिर्भर बन सकते हैं। उनकी शिक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। बीएसए अनिल कुमार ने कहा कि सहायक उपकरण बच्चों की रोजमर्रा की मुश्किलें कम करते हैं। इससे उन्हें पढ़ाई और जीवन में आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से बच्चों को लगातार प्रोत्साहित करने की अपील की। पात्र बच्चों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर जिला समन्वयक समेकित शिक्षा विकास पाण्डेय ने कहा कि विभाग का प्रयास है कि कोई भी पात्र दिव्यांग बच्चा सरकारी योजनाओं और शिक्षा सुविधाओं से वंचित न रहे। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित स्कूल भेजने और मिले उपकरणों का सही इस्तेमाल सुनिश्चित करने को कहा। कार्यक्रम में पार्षद आरती मौर्य, जय सिंह, विनय कुमार, अनिल पाण्डेय, रघुवंश और जय प्रकाश शुक्ला समेत शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विशेष शिक्षक और अभिभावक मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)