पूर्व मंत्री इजहारूल हक ने थामा कांग्रेस का दामन:शिया कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष और लखनऊ के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी भी कांग्रेस में शामिल
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों में नेताओं और कार्यकर्ताओं के आने-जाने का सिलसिला तेज हो गया है। रविवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में आयोजित सदस्यता ग्रहण समारोह में पूर्व मंत्री, शिया कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष और लखनऊ के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी इजहारूल हक, नानपारा-बहराइच के पूर्व प्रत्याशी हाजी रशीद खान, पूर्व प्रत्याशी नईम अहमद समेत सैकड़ों लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। आगरा विश्वविद्यालय के समाजवादी पार्टी छात्रसभा के नेता डॉ. मदन मोहन शर्मा ने भी इस दौरान कांग्रेस का दामन थामा। सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं पूर्व मंत्री राजेन्द्र पाल गौतम, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय और एआईसीसी सचिव-सहप्रभारी उत्तर प्रदेश अब्दुल हन्नान मौजूद रहे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के ज्वाइनिंग प्रभारी नितिन शर्मा ने नए सदस्यों को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई। इजहारूल हक के साथ सैकड़ों लोग जुड़े पूर्व मंत्री इजहारूल हक के साथ मो. जफर, मो. सलमान खान, तनवीर, मो. शकील, मो. अजीम समेत बड़ी संख्या में लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ली। वहीं हाजी रशीद खान के साथ शराफत अली खान सहित कई सभासद, ग्राम प्रधान और दर्जनों बीडीसी सदस्यों के कांग्रेस में शामिल होने का दावा किया गया। कांग्रेस नेताओं ने इसे प्रदेश में बदलते राजनीतिक माहौल के संकेत के तौर पर पेश किया। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों का कांग्रेस में शामिल होना बताता है कि लोग लगातार पार्टी से जुड़ रहे हैं। राजेन्द्र गौतम बोले- राहुल गांधी के संघर्ष से प्रेरित होकर लोग जुड़ रहे उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम ने कहा कि राहुल गांधी से प्रेरित होकर और देश को बचाने के उनके संकल्प से प्रभावित होकर लोग कांग्रेस से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि संविधान नागरिकों को सरकार से सवाल करने और अपनी बात रखने का अधिकार देता है। गौतम ने सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सवाल पूछने वालों को गिरफ्तार किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि धर्म और जाति के आधार पर भेदभाव की स्थिति बनी हुई है और प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है। उन्होंने शिक्षा और रोजगार का मुद्दा भी उठाया। कहा कि पहले गरीब, दलित और वंचित वर्ग के बच्चे कम खर्च में शिक्षा हासिल कर डॉक्टर, इंजीनियर, वकील और ब्यूरोक्रेट बनते थे, लेकिन अब शिक्षा महंगी होने से बड़ी संख्या में युवा आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं। उन्होंने बेरोजगारी को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। राजेन्द्र गौतम ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर लोगों को कांग्रेस से जोड़ने और राहुल गांधी के हाथ मजबूत करने की अपील की। अजय राय बोले- सत्ता से पीड़ित लोग कांग्रेस से जुड़ रहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि कांग्रेस में लगातार आम आदमी और सत्ता से पीड़ित लोग शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी गरीबों, छात्रों, युवाओं और पीड़ितों की आवाज बनकर संघर्ष कर रहे हैं। अजय राय ने कहा कि बहराइच, बरेली, कुशीनगर, रामपुर, मुरादाबाद और सहारनपुर समेत जिन क्षेत्रों में लोगों के उत्पीड़न के मामले सामने आए, वहां कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचे और पीड़ितों के साथ खड़े हुए। उन्होंने प्रयागराज की एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदर्शन के दौरान युवाओं पर लाठीचार्ज और गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस ने उनके पक्ष में आवाज उठाई। इसी तरह उन्होंने पूर्वांचल में एक ब्राह्मण युवक की पुलिस मुठभेड़ में मौत का जिक्र करते हुए दावा किया कि युवक का अपराध केवल इतना था कि उसने मुख्यमंत्री के काफिले के सामने खड़े होकर सवाल किया था। मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन का ऐलान अजय राय ने चुनाव आयोग को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस के आंदोलन का ऐलान करते हुए कहा कि अगले दिन पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है। उनके मुताबिक हाल ही में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बारिश के बावजूद सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। अब्दुल हन्नान बोले- संविधान और लोकतंत्र बचाने की लड़ाई एआईसीसी सचिव एवं उत्तर प्रदेश के सहप्रभारी अब्दुल हन्नान ने कहा कि देश की सत्ता में बैठे लोग संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर भी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। हन्नान ने कहा कि राहुल गांधी लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं और यह लड़ाई सभी की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस संघर्ष को मजबूती से आगे बढ़ाएगी। उन्होंने इस जॉइनिंग कार्यक्रम में अरशद खुर्शीद के योगदान का भी उल्लेख किया। सपा से जुड़े नेता भी कांग्रेस में आए सदस्यता ग्रहण करने वालों में आगरा विश्वविद्यालय के समाजवादी पार्टी छात्रसभा के नेता डॉ. मदन मोहन शर्मा का कांग्रेस में शामिल होना भी चर्चा में रहा। इसके अलावा अलग-अलग क्षेत्रों से आए स्थानीय जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ली। कार्यक्रम का संचालन अरशद खुर्शीद ने किया। इस दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद ब्रजलाल खाबरी, पूर्व विधायक मीता गौतम, धीरेन्द्र सिंह धीरू, राजेश जायसवाल, तारिक सिद्दीकी, अरशद आजमी, आसिम वकार, प्रदीप सिंह, अंशू अवस्थी, डॉ. अलीमुल्ला खान, नईम सिद्दीकी, अब्दुल्ला शेर खान, सुबोध श्रीवास्तव, मुकेश सिंह चौहान, श्रवण गुप्ता, अमित राय, ममता चौधरी, मान सिंह चौहान, सिद्धिश्री, हम्माम वहीद, सुशीला शर्मा, रिचा शर्मा, राजेश सिंह काली और मो. इरफान समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)