बलरामपुर में अतिवृष्टि के बाद सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द:24×7 चलेगा राहत और बहाली अभियान, डीएम कर रहे निगरानी
बलरामपुर में आंधी-तूफान और अतिवृष्टि से प्रभावित जिले में जनजीवन सामान्य करने के लिए जिला प्रशासन ने राहत, बचाव और पुनर्बहाली कार्य तेज कर दिए हैं। डीएम डॉ. विपिन कुमार जैन ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश तत्काल प्रभाव से निरस्त करते हुए 24×7 राहत और पुनर्बहाली कार्य संचालित करने के निर्देश दिए हैं। डीएम खुद फील्ड में उतरकर प्रभावित क्षेत्रों और विद्युत बहाली के काम की लगातार निगरानी कर रहे हैं। जमालीजोत में राप्ती के बढ़ते जलस्तर का जायजा डीएम रविवार शाम करीब 5 बजे तहसील सदर के ग्राम जमालीजोत पहुंचे। यहां उन्होंने राप्ती नदी के बढ़ते जलस्तर और संभावित कटान की स्थिति देखी। ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और अतिवृष्टि से प्रभावित फसलों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को नदी के जलस्तर और कटान पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कटानरोधी कार्य शुरू कराने को कहा।
बिजली बहाली के लिए स्टोर में सामग्री की जांच इसके बाद डीएम ने विद्युत विभाग के स्टोर का निरीक्षण किया। उन्होंने ट्रांसफॉर्मर, विद्युत पोल, तार और अन्य जरूरी सामग्री की उपलब्धता देखी। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सामग्री की कमी के कारण बिजली बहाली का काम किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होना चाहिए। बलरामपुर-उतरौला मार्ग पर क्षतिग्रस्त 33/11 केवी विद्युत लाइन की बहाली का भी उन्होंने निरीक्षण किया। पर्याप्त तकनीकी कर्मचारियों और अतिरिक्त टीमों को लगाकर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। हाइड्रा समेत जरूरी मशीनरी उपलब्ध कराने को कहा गया है। लाइन बहाल होने के बाद उतरौला तहसील में विद्युत आपूर्ति सुचारु होने की उम्मीद है। पेड़-पोल गिरने से सेवाएं प्रभावित अतिवृष्टि और तेज हवाओं के कारण जिले में बड़ी संख्या में पेड़ और विद्युत पोल गिर गए हैं। कई जगह विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हुई हैं, जिससे आवश्यक सेवाएं प्रभावित हुईं। डीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से युद्धस्तर पर काम कर प्रभावित सेवाओं को जल्द बहाल करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जेसीबी, डंपर, क्रेन, ट्रैक्टर-ट्रॉली और श्रमिकों समेत जरूरी संसाधनों की तत्काल व्यवस्था करने को कहा है। जरूरत पड़ने पर मंडल स्तर से भी अतिरिक्त संसाधन जुटाए जाएंगे। फील्ड में रहकर काम करने के निर्देश डीएम ने कहा कि राहत और पुनर्बहाली कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी और कर्मचारी फील्ड में रहकर तत्परता से काम करें, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में बिजली, सड़क और अन्य आवश्यक सेवाओं को जल्द सामान्य किया जा सके और आमजन को राहत मिल सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)