रायबरेली में एसपी ने 99 पुलिसकर्मियों का तबादला:दर्जनों को पुलिस लाइन भेजा, कई को थानों की कमान मिली

Sep 28, 2026 - 11:09
0
रायबरेली में एसपी ने 99 पुलिसकर्मियों का तबादला:दर्जनों को पुलिस लाइन भेजा, कई को थानों की कमान मिली
रायबरेली जनपद में पुलिस महकमे में प्रशासनिक कसावट लाने और कानून-व्यवस्था को और चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने रविवार देर रात में बड़े पैमाने पर स्थानांतरण एक्सप्रेस चलाई है। जनपदीय पुलिस स्थापना बोर्ड की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुपालन में जिले के थानों, कोतवाली, यूपी 112 और विभिन्न पुलिस शाखाओं में तैनात 99 उप-निरीक्षक, मुख्य आरक्षी (हेड कांस्टेबल) तथा आरक्षियों (कांस्टेबल) के तबादले कर दिए गए हैं। ​जारी किए गए आदेश के अनुसार, लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे या प्रशासनिक आवश्यकता के तहत चिन्हित दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मियों को थानों से हटाकर रिजर्व पुलिस लाइन भेजा गया है। वहीं दूसरी ओर, पुलिस लाइन में लंबे समय से प्रतीक्षारत दो दर्जन से अधिक मुख्य आरक्षियों व आरक्षियों को विभिन्न थानों, क्षेत्रों तथा सुरक्षा शाखाओं में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस तबादला सूची में बड़े पैमाने पर महिला पुलिसकर्मियों, हेड कांस्टेबलों और आरक्षियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। इसके अलावा डायल 112, गोपनीय कार्यालय, क्षेत्राधिकारी कार्यालयों, न्यायालय सुरक्षा, चुनाव कार्यालय, अपराध शाखा, मानवाधिकार सेल और महिला थाना में व्यापक स्तर पर नई नियुक्तियां की गई हैं। पुलिस अधीक्षक ने सभी स्थानांतरित कर्मचारियों को जनहित में तत्काल प्रभाव से नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने और अनुपालन आख्या डाक से उपलब्ध कराने का कड़ा निर्देश दिया है। एक साथ 99 पुलिसकर्मियों का स्थानांतरण होने से महकमे में हड़कंप का माहौल है। जानकारों का मानना है कि पुलिस अधीक्षक रवि कुमार द्वारा उठाया गया यह कदम जिले में शांति-व्यवस्था बनाए रखने, फरियादियों की शिकायतों का निस्तारण गति से करने और पुलिस महकमे के प्रदर्शन में सुधार लाने के उद्देश्य से उठाया गया है। आदेश का तुरंत अनुपालन करने हेतु समस्त क्षेत्राधिकारियों व थाना प्रभारियों को निर्देश दे दिए गए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User