साढ़ में रामगंगा नहर का ब्रिटिशकालीन पुल धंसा,आवागमन बंद:भारी वाहनों पर रोक न लगाने से बढ़ा खतरा, लंबे समय से जर्जर था पुल
घाटमपुर के साढ़ कस्बे से प्रयागराज नेशनल हाईवे को जोड़ने वाले मार्ग पर रामगंगा नहर में बना ब्रिटिशकालीन पुल रविवार को अचानक धंस गया। पुल की हालत गंभीर होने के बाद चार पहिया और भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया। फिलहाल बाइक सवारों को ही सावधानी के साथ निकलने दिया जा रहा है। पुल के धंसने से साढ़ कस्बे समेत आसपास के गांवों के लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। साढ़ थाना क्षेत्र के रामगंगा नहर पर बने इस पुल से रोजाना बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। नौकरी, व्यापार, स्कूल और जरूरी कामों के लिए प्रयागराज हाईवे की ओर जाने वाले लोगों को अब वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ेगा। इससे लोगों की दूरी और समय दोनों बढ़ेंगे। पुल बंद होने का सबसे अधिक असर आसपास के ग्रामीणों और छोटे वाहन चालकों पर पड़ा है। स्थानीय लोगों के अनुसार पुल काफी समय से जर्जर हालत में था। पुल से लगातार भारी और ओवरलोड वाहनों के गुजरने को लेकर भी कई बार सवाल उठाए गए थे। लोगों का कहना है कि पुल की स्थिति को लेकर जिम्मेदार विभाग का ध्यान भी कई बार आकर्षित कराया गया, लेकिन समय रहते भारी वाहनों के आवागमन पर प्रभावी रोक नहीं लगाई गई। लोगों का आरोप है, कि यदि समय रहते पुल की तकनीकी जांच कराकर मरम्मत या सुदृढ़ीकरण कराया जाता और भारी वाहनों पर रोक लगाई जाती तो स्थिति इतनी गंभीर नहीं होती। पुल धंसने के बाद लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। तकनीकी जांच और स्थायी समाधान की मांग स्थानीय लोगों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से पुल का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराने की मांग की है। साथ ही सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था और भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोकने के लिए जर्जर पुलों की जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि रामगंगा नहर पर बने पुराने पुलों की स्थिति की गंभीरता से जांच कराकर आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)