सैयद मोदी बैडमिंटन:गायत्री-त्रिशा क्वार्टर फाइनल में, महिला एकल में 4 भारतीय खिलाड़ी अंतिम-8 में पहुंचीं
लखनऊ में चल रही सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप में गुरुवार को भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। डिफेंडिंग चैंपियन गायत्री गोपीचंद और त्रिशा जॉली की जोड़ी ने आसान जीत के साथ क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। वहीं, महिला एकल (सिंगल्स) में उन्नति हुड्डा और तन्वी शर्मा समेत भारत की चार खिलाड़ी अंतिम-8 में पहुंच गई हैं। महिला एकल में भारतीय बेटियों का दबदबा महिला एकल में तीसरी वरीय उन्नति हुड्डा ने अमेरिका की ईशिका जायसवाल को सीधे गेमों में 21-14, 21-18 से हराया। दूसरी वरीय तन्वी शर्मा ने पहला गेम हारने के बाद शानदार वापसी की और इंडोनेशिया की एमए पुष्पिता सारी को 18-21, 21-18, 21-18 से मात दी। अनमोल और तस्नीम ने किया बड़ा उलटफेर भारत की युवा खिलाड़ी अनमोल खरब ने बड़ा उलटफेर करते हुए वर्ल्ड नंबर-30 और पांचवीं वरीय अस्मिता चालिहा को 35 मिनट में 21-16, 21-15 से हरा दिया। दूसरी ओर, तस्नीम मीर ने छठी वरीय स्कॉटलैंड की क्रिस्टी गिलमोर को 21-19, 21-5 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। हालांकि, ईशारानी बरुआ, रक्षिता रामराज और तान्या हेमनाथ को हार का सामना करना पड़ा। मिश्रित युगल में टॉप सीड ध्रुव-तनीषा बाहर दिन का सबसे बड़ा उलटफेर मिश्रित युगल (मिक्स्ड डबल्स) में देखने को मिला। मलेशिया की जोड़ी ने टॉप सीड ध्रुव कपिला और तनीषा क्रैस्टो को 40 मिनट तक चले मुकाबले में 22-20, 21-15 से हरा दिया। ध्रुव रावत और मनीषा की जोड़ी भी हारकर बाहर हो गई। हालांकि, सात्विक रेड्डी-रेशिका और विराज कुवले-रुतुपर्णा पांडा की जोड़ियों ने जीत दर्ज कर भारत की उम्मीदें कायम रखी हैं। पुरुष वर्ग में तुषार और हरिहरन-अर्जुन जीते पुरुष एकल में भारत के तुषार सुवीर ने हमवतन शाश्वत दलाल को 21-14, 21-12 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। वहीं, इस वर्ग के टॉप सीड सिंगापुर के जिया हेंग जेसन तेह उलटफेर का शिकार होकर बाहर हो गए। पुरुष युगल (मेंस डबल्स) में भारत के हरिहरन आमसाकरुणन और एमआर अर्जुन ने फ्रांस की जोड़ी को 21-12, 22-20 से हराया। महिला युगल में गायत्री-त्रिशा की एकतरफा जीत महिला युगल में टॉप सीड गायत्री गोपीचंद और त्रिशा जॉली ने भारत की ही श्रेया बालाजी और प्रणवी नटराजन को एकतरफा मुकाबले में 21-9, 21-8 से हराया। इसके अलावा, अश्विनी भट्ट और शिखा गौतम की जोड़ी ने भी तीन गेम के कड़े संघर्ष में जीत हासिल की। हालांकि, यूपी की श्रुति मिश्रा, अमोलिका सिंह सिसोदिया और समृद्धि सिंह को अपने-अपने मुकाबलों में हार झेलनी पड़ी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)