मेडिकल कॉलेजों में डॉक्टरों की कमी पर हाईकोर्ट सख्त:लोकसेवा आयोग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी, पूर्व चेयरमैन को पक्षकार बनाया ​

Nov 26, 2026 - 23:43
0
मेडिकल कॉलेजों में डॉक्टरों की कमी पर हाईकोर्ट सख्त:लोकसेवा आयोग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी, पूर्व चेयरमैन को पक्षकार बनाया ​
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश के सरकारी मेडिकल और नर्सिंग कॉलेजों में नियमित डॉक्टरों व शिक्षकों की भारी कमी, संविदा नियुक्तियों के बोलबाले और उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की सुस्त व संदिग्ध कार्यप्रणाली पर बेहद कड़ा रुख अपनाया है। न्यायमूर्ति सिद्धार्थ नंदन की एकलपीठ ने याचिकाकर्ता श्रीनिवासन गांधी की याचिका पर सुनवाई करते हुए आयोग द्वारा की गई नियुक्ति सिफारिशों को लागू करने पर फिलहाल रोक लगा दी है और आयोग के तत्कालीन अध्यक्ष संजय श्रीनेत को मामले में पक्षकार बनाने का निर्देश दिया है। महानिदेशक के हलफनामे में चौकाने वाले तथ्य सुनवाई के दौरान महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण की ओर से दाखिल हलफनामे में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। कोर्ट ने पाया कि प्रदेश के नर्सिंग और सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 500 से अधिक लोग संविदा पर काम कर रहे हैं, जबकि नियमित पदों पर मात्र 2 से 3 प्रतिशत लोग ही तैनात हैं। इसके अलावा लगभग 25 प्रतिशत संस्थान कार्यवाहक प्राचार्यों के भरोसे चल रहे हैं। केवल 26 प्रोफेसर की कार्यरत प्रोफेसरों के कुल 517 स्वीकृत पदों में से सीधी भर्ती के 108 पदों के सापेक्ष केवल 26 प्रोफेसर ही कार्यरत हैं और शेष पद खाली पड़े हैं। कई मेडिकल कॉलेजों में प्रोफेसर न होने के कारण एसोसिएट या असिस्टेंट प्रोफेसरों और यहां तक कि संविदा कर्मियों को विभागाध्यक्ष बनाया गया है। ​कोर्ट के संज्ञान में यह भी लाया गया कि संविदा पर नियुक्त डॉक्टरों को नियमित डॉक्टरों के लगभग समान भत्ते और सुविधाएं मिलने के बावजूद प्राइवेट प्रैक्टिस की अनुमति दी गई है। प्राइवेट प्रैक्टिस पर जोर मेडिकल कॉलेजों के बजाय अपनी प्राइवेट प्रैक्टिस पर अधिक ध्यान देते हैं, जिससे चिकित्सा शिक्षा का स्तर गिर रहा है। कोर्ट ने सरकार से स्पष्ट करने को कहा है कि क्या संविदा डॉक्टरों को प्राइवेट प्रैक्टिस की अनुमति है या नहीं। सरकार को अंतिम अवसर दिया ​उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा डॉक्टरों की भर्ती में असमर्थता जताए जाने के बाद राज्य सरकार ने 30 जनवरी 2026 को 'उत्तर प्रदेश विशेषज्ञ डॉक्टर और चिकित्सा शिक्षक भर्ती बोर्ड' के गठन की अधिसूचना जारी की थी। लेकिन 10 महीने बाद भी बोर्ड का गठन न होने पर कोर्ट ने नाराजगी जताई। सरकार की ओर से दाखिल हलफनामे में कहा गया कि विधानसभा सत्र न चलने के कारण अध्यादेश का मसौदा तैयार किया गया है, लेकिन इसकी कोई समय-सीमा नहीं बताई गई। कोर्ट ने इसे 'दिखावा' करार देते हुए सरकार को अंतिम अवसर दिया है कि वह स्पष्ट समय-सीमा के साथ हलफनामा दाखिल करे, अन्यथा संबंधित अधिकारी को व्यक्तिगत रूप से पेश होना होगा। कोर्ट ने निर्देश दिया है कि जब तक आयोग चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और नियमों (अधिनियम 1985 के पैरा-9) के पालन की रिपोर्ट दाखिल नहीं करता, तब तक आयोग द्वारा की गई नियुक्ति सिफारिशों को लागू नहीं किया जाएगा। कोर्ट के आयोग के सचिव से सवाल कोर्ट ने आयोग के सचिव से पूछा है कि क्या साक्षात्कार लेने वाले परीक्षकों से यह वचनपत्र लिया गया था कि वे उम्मीदवारों को नहीं जानते, और क्या चयनित उम्मीदवारों से यह घोषणापत्र लिया गया था कि उनके खिलाफ कोई जांच या कदाचार का मामला लंबित नहीं है। यदि किसी उम्मीदवार ने तथ्य छिपाए हैं, तो उसकी सिफारिश वापस ली जाए। ​पूर्व चेयरमैन बने पक्षकार: याचिकाकर्ता के अधिवक्ता ने आरोप लगाया कि तत्कालीन आयोग अध्यक्ष संजय श्रीनेत के कार्यकाल में, उनके सेवानिवृत्त होने से ठीक कुछ दिन पहले जल्दबाजी में ये सिफारिशें जारी की गईं। इस पर कोर्ट ने संजय श्रीनेत को मामले में आवश्यक पक्षकार बनाते हुए उनसे भी जवाब मांगा है। ​मामले की अगली सुनवाई 8 दिसंबर 2026 को निर्धारित की गई है। यदि अगली तारीख तक आयोग के सचिव संतोषजनक रिपोर्ट दाखिल नहीं करते हैं, तो उन्हें सभी रिकॉर्ड के साथ कोर्ट में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना होगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User