सांप के काटने से किशोरी समेत दो की मौत:बांदा में रात में सोते समय सांप ने डसा, मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दोनों की मौत
बांदा में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शुक्रवार रात सर्पदंश से किशोरी समेत दो लोगों की मौत हो गई। दोनों को सांप के डसने के बाद हालत बिगड़ने पर परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पहली घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के कतरावल गांव की है। गांव निवासी तेजबहादुर ने बताया कि उसकी 16 वर्षीय भांजी संध्या देवी हाईस्कूल की छात्रा थी। वह मूल रूप से कमासिन थाना क्षेत्र के जामू गांव की रहने वाली थी। पिता की मौत के बाद वह अपनी मां के साथ ननिहाल कतरावल में रह रही थी। शुक्रवार रात संध्या जमीन पर चटाई बिछाकर सो रही थी। इसी दौरान सांप ने उसकी गर्दन में डस लिया। चीख सुनकर परिजनों की नींद खुली। पहले घरेलू उपचार किया गया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां शनिवार सुबह करीब 6 बजे उसकी मौत हो गई। दोस्त के साथ चारपाई पर सो रहा था किशोर दूसरी घटना बदौसा थाना क्षेत्र के गजपतिपुर गांव की है। रामसेवक ने बताया कि उनका 15 वर्षीय बेटा लाला राम शुक्रवार रात करीब डेढ़ बजे दोस्त दीपक के साथ चारपाई पर सो रहा था। इसी दौरान सांप ने उसे डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई और वे उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने लाला राम को रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान शनिवार सुबह करीब 6 बजे उसकी मौत हो गई। दोनों परिवारों में मचा मातम कुछ ही घंटों के अंतराल में हुई सर्पदंश की दोनों घटनाओं में किशोरी समेत दो लोगों की मौत से परिवारों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लिया और पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)