सीएम योगी से मौलाना जव्वाद की मुलाकात:वक्फ संपत्तियों के संरक्षण पर चर्चा, अवैध कब्जों की जांच की मांग
लखनऊ में रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जव्वाद नकवी ने शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान प्रदेश में शिया वक्फ संपत्तियों, औकाफ तथा ऐतिहासिक हुसैनाबाद ट्रस्ट से संबंधित संपत्तियों की स्थिति पर चर्चा हुई। मुलाकात में वक्फ और औकाफ की उन संपत्तियों का मुद्दा उठाया गया, जिन पर कथित तौर पर अवैध कब्जे और अनधिकृत निर्माण की शिकायतें सामने आती रही हैं। मौलाना कल्बे जव्वाद ने इन संपत्तियों के संरक्षण, अभिलेखों की सुरक्षा और उनकी वास्तविक स्थिति की जांच को महत्वपूर्ण विषय बताया। हुसैनाबाद ट्रस्ट की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाली संपत्तियों के संरक्षण का मुद्दा भी बातचीत का हिस्सा रहा। चर्चा में यह बात सामने रखी गई कि इन संपत्तियों से जुड़े पुराने रिकॉर्ड, राजस्व अभिलेख और वक्फ संबंधी दस्तावेजों का परीक्षण कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार के विवाद या अनधिकृत कब्जे की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जा सके। वक्फ संपत्तियों पर अवैध कब्जे का मुद्दा उत्तर प्रदेश में लंबे समय से चर्चा का विषय रहा है। मौलाना कल्बे जव्वाद ने पूर्व में भी वक्फ संपत्तियों के संरक्षण और विकास से जुड़े मामलों को सरकार के समक्ष उठाया है। मुलाकात के दौरान वक्फ संपत्तियों की निगरानी, अवैध निर्माणों की जांच, संबंधित अभिलेखों के संरक्षण तथा जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर आदिल आबदी, जिया इमाम और मोहम्मद नकवी भी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)