सीतापुर में फ्यूजीफिल्म इंजीनियर से 8 लाख की ठगी:यूको बैंक कर्मचारी बनकर व्हाट्सएप पर लिंक भेजा, दो बार में 4-4 लाख रुपए निकाले

Sep 26, 2026 - 12:55
0
सीतापुर में फ्यूजीफिल्म इंजीनियर से 8 लाख की ठगी:यूको बैंक कर्मचारी बनकर व्हाट्सएप पर लिंक भेजा, दो बार में 4-4 लाख रुपए निकाले
सीतापुर के महमूदाबाद कोतवाली इलाके में शनिवार देर रात एक साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने निजी कंपनी फ्यूजीफिल्म के इंजीनियर को यूको बैंक कर्मचारी बनकर फोन किया और व्हाट्सएप पर लिंक भेजकर उसके खाते से आठ लाख रुपये पार कर दिए। ठगों ने दो बार में चार-चार लाख रुपये दूसरे खातों में ट्रांसफर किए। मोबाइल पर धन निकासी के मैसेज आने के बाद पीड़ित के होश उड़ गए। पीड़ित ने बैंक के साथ साइबर सेल और कोतवाली पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार,कस्बे के इमलिया निवासी आफाक अहमद खान पुत्र हनीफ के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे उनके मोबाइल नंबर पर एक व्यक्ति ने कॉल की। कॉल करने वाले ने खुद को यूको बैंक का कर्मचारी बताया। उसने पीड़ित से पूछा कि खाते में कुछ रुपये आने थे, वे आए हैं या नहीं। आफाक ने रुपये नहीं आने की बात कही। इस पर कॉलर ने कहा कि वह एक लिंक भेज रहा है, जिस पर क्लिक कर पेमेंट की जानकारी चेक की जा सकती है। आरोप है कि व्हाट्सएप पर भेजे गए लिंक पर क्लिक करते ही साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते से दो बार में चार-चार लाख रुपये, यानी कुल आठ लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। मोबाइल पर खाते से रकम निकलने के मैसेज आने के बाद पीड़ित को ठगी का पता चला। इसके बाद वह तत्काल बैंक पहुंचा और खाते की जानकारी जुटाने के साथ शिकायत दर्ज कराई। बैंक से खाते का विवरण निकलवाने पर प्रथम दृष्टया पता चला कि चार लाख रुपये धनबाद स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एक खाते में और चार लाख रुपये महाराष्ट्र बैंक के खाते में भेजे गए हैं। पीड़ित ने साइबर सेल में भी शिकायत दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक महमूदाबाद सत्येंद्र बिक्रम सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है। शुरुआती जानकारी में साइबर ठगी का संबंध पश्चिम बंगाल के कोलकाता के आसपास से सामने आ रहा है। उन्होंने बताया कि पांच लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी के मामलों को जनपद स्तर के साइबर सेल थाने में दर्ज किए जाने का प्रावधान है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User