अयोध्या में एक फिर दिखा तेंदुआ:दीवार पर बैठा नजर आया, लोगों ने बनाया वीडियो; पहले भी कई बार सामने आ चुकी मौजूदगी

Sep 26, 2026 - 12:55
0
अयोध्या में एक फिर दिखा तेंदुआ:दीवार पर बैठा नजर आया, लोगों ने बनाया वीडियो; पहले भी कई बार सामने आ चुकी मौजूदगी
अयोध्या में सैन्य क्षेत्र के मीरनघाट रेंज में शनिवार को एक बार फिर तेंदुआ दिखाई दिया। ईटीआर रेंज के पास एक दीवार पर बैठे तेंदुए को लोगों ने देखा। स्थानीय लोगों ने दूर से उसका वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, गणेश प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम देखकर लौट रहे कुछ लोगों की नजर दीवार पर पड़ी। वहां तेंदुए को बैठा देखकर लोग रुक गए। लोगों ने शोर मचाने के बजाय दूरी बनाए रखी और मोबाइल से उसका वीडियो रिकॉर्ड किया। इसके बाद आसपास रहने वाले लोगों को इसकी जानकारी दी गई। वीडियो में तेंदुआ दीवार पर बैठा नजर आ रहा है। आसपास का इलाका सैन्य क्षेत्र और जंगल से जुड़ा होने के कारण लोगों की आवाजाही भी रहती है। 22 सितंबर को छावनी क्षेत्र में मिला था सुराग मीरनघाट और छावनी क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियां पहले भी सामने आती रही हैं। 22 सितंबर को कोबरा आर्मी प्री-स्कूल के पीछे जंगल में तेंदुआ देखे जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी थी। टीम ने तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ट्रैप कैमरों की लोकेशन बदली थी। उसे पकड़ने के लिए पिंजरा भी लगाया गया था। विभाग की टीमें संभावित इलाकों में उसकी आवाजाही पर नजर रख रही हैं। गुप्तारघाट तक पहुंचने की भी सूचना वन विभाग को गुप्तारघाट के निर्मली कुंड से सरयू निवास तक तेंदुए के आने-जाने की सूचना भी मिली थी। इसके बाद विभाग ने स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। लोगों से कहा गया कि शाम और रात के समय सुनसान इलाकों तथा जंगल वाले रास्तों पर अकेले जाने से बचें। खासकर ऐसे क्षेत्रों में आवाजाही करते समय सावधानी बरतने को कहा गया है। 2022 में इसी इलाके में पकड़ा गया था तेंदुआ मीरनघाट क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी नई नहीं है। वर्ष 2022 में वन विभाग ने इसी इलाके में एक तेंदुए को पकड़ा था। उस समय टीम ने ट्रैप कैमरों की मदद से उसकी गतिविधियों पर नजर रखी थी। बाद में पिंजरे की मदद से उसे पकड़ लिया गया था। ताजा वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग के सामने दोबारा तेंदुए की पहचान, उसकी आवाजाही का पता लगाने और उसे सुरक्षित पकड़ने की जिम्मेदारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User