संभल में 50 घंटे की बारिश के बाद स्कूल-कॉलेज बंद:8 डिग्री पारा बढ़ा, 62 मिलीमीटर बारिश हुई; डीएम-एडीएम ने खराब फसलों का जायजा लिया

Sep 28, 2026 - 10:20
0
संभल में 50 घंटे की बारिश के बाद स्कूल-कॉलेज बंद:8 डिग्री पारा बढ़ा, 62 मिलीमीटर बारिश हुई; डीएम-एडीएम ने खराब फसलों का जायजा लिया
संभल में करीब 50 घंटे से रुक-रुककर हो रही बारिश के बाद सोमवार को नर्सरी से इंटरमीडिएट तक के सभी स्कूल-कॉलेज बंद रहे। पिछले दो दिन में जिले में 62 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह 8 बजे जिले का तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। वहीं, AQI 95 दर्ज किया गया। दो दिन की बारिश के दौरान तापमान में करीब 14 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई थी और तापमान 20 डिग्री तक पहुंच गया था। सोमवार को तापमान में करीब 8 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। गंगा किनारे की तहसील गुन्नौर के साथ जिला मुख्यालय बहजोई समेत पूरे जिले में रुक-रुककर बारिश हो रही है। करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाओं से मौसम सुहावना हो गया है। सुबह और रात में लोगों को सितंबर के आखिरी दिनों में नवंबर की शुरुआत जैसा मौसम महसूस हो रहा है। धान की फसल को सबसे ज्यादा नुकसान लगातार बारिश से धान की फसल करने वाले किसानों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। डीएम अंकित खंडेलवाल और एडीएम सत्यप्रिय सिंह ने तहसील गुन्नौर के गांव भागनगर और उधरनपुर अजमतनगर पहुंचकर किसानों से बारिश से खराब हुई फसल की जानकारी ली। अधिकारियों ने तहसील प्रशासन और कृषि विभाग को खराब फसल के संबंध में किसानों की सूची जल्द तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि प्रभावित किसानों को सरकारी मदद दिलाई जा सके। गांव दतावली के किसान प्रेमपाल सैनी ने बताया कि लगातार बारिश से धान और ईख की फसल बर्बाद हुई है। स्थानीय निवासी मुजाहिद ने बताया कि दो दिन से बारिश के बाद मौसम में ठंडक आ गई है। बारिश के कारण बाजार में कामकाज भी प्रभावित हुआ है। वहीं, सड़कों और गलियों में जलभराव होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सामान्य से 79% अधिक बारिश संभल में 1 जून से 27 सितंबर तक 1263.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। सामान्य स्थिति में इस अवधि में 644.1 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी। इस लिहाज से जिले में सामान्य से 79 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। पिछले साल की तुलना में इस साल अब तक 19 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User