संभल में बारिश से फसलों को नुकसान की आशंका:डीएम ने खेतों में पहुंचकर देखा हाल, पात्र किसानों को नियमों के तहत राहत देने की तैयारी
संभल में लगातार दो दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया है। इससे धान, बाजरा और गन्ने समेत कई फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। किसानों की चिंता को देखते हुए जिला प्रशासन ने फसल क्षति का सर्वे शुरू कराने की प्रक्रिया तेज कर दी है। जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने रविवार शाम 4 से 5 बजे तक तहसील गुन्नौर क्षेत्र के प्रभावित गांवों का दौरा किया। उन्होंने खेतों में पहुंचकर फसलों की स्थिति देखी और किसानों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। खेतों में पहुंचकर फसलों की स्थिति देखी डीएम ने खेतों में धान, बाजरा और अन्य फसलों का निरीक्षण किया। किसानों ने उन्हें बारिश के बाद फसलों को हुए नुकसान की जानकारी दी। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में बिना देरी सर्वे कराया जाए, ताकि वास्तविक क्षति का आकलन कर पात्र किसानों को शासन के नियमों के तहत राहत दी जा सके। उन्होंने उप कृषि निदेशक को कृषि विभाग के एटीएम, बीटीएम और एडीओ को लेखपालों के साथ समन्वय कर प्रभावित गांवों में भेजने के निर्देश दिए। सर्वे में सभी प्रभावित फसलों को शामिल करने और क्षति के आकलन में पारदर्शिता बरतने को कहा गया। फसल बीमा और आपदा राहत का मिलेगा लाभ डीएम ने कहा कि सर्वे में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पात्र किसानों को फसल बीमा या प्राकृतिक आपदा के तहत अनुमन्य मुआवजा समय से मिल सके। उन्होंने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सत्यप्रिय सिंह से प्राकृतिक आपदा के तहत किसानों को मिलने वाली राहत और अनुमन्य लाभों की जानकारी ली। एसडीएम गुन्नौर को भी सर्वे की कार्रवाई समय से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। विद्यालय मार्ग बनवाने की मांग, एस्टिमेट तैयार कराने के निर्देश निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने विद्यालय तक जाने वाले मार्ग के निर्माण की मांग डीएम के सामने रखी। डीएम ने खंड विकास अधिकारी को मौके का निरीक्षण कर सड़क निर्माण का एस्टिमेट तैयार कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने किसानों को बीज और उर्वरक निर्धारित दरों पर उपलब्ध कराने को कहा। ओवररेटिंग और अनावश्यक टैगिंग पर रोक लगाने के भी निर्देश दिए। पूरे जिले में संयुक्त टीमें करेंगी सर्वे डीएम ने बताया कि कृषि, विकास और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें पूरे जिले में फसल क्षति का सर्वे करेंगी। सर्वे जल्द पूरा कर फसल के अनुसार पात्र किसानों को अनुमन्य मुआवजा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इससे पहले शनिवार रात डीएम छतरी और टॉर्च लेकर गौशालाओं और सीएचसी के औचक निरीक्षण पर भी निकले थे। निरीक्षण के दौरान उप कृषि निदेशक अरुण कुमार त्रिपाठी, एसडीएम गुन्नौर अवधेश कुमार, तहसीलदार रवि सोनकर समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)