संगम पर न्यायमूर्तियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने किया दीपदान:लाखों दीपों से जगमगाया त्रिवेणी तट

Nov 24, 2026 - 22:58
0
संगम पर न्यायमूर्तियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने किया दीपदान:लाखों दीपों से जगमगाया त्रिवेणी तट
संगम नगरी प्रयागराज में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार को देव दीपावली का पर्व भव्य एवं दिव्य रूप से मनाया गया। जिला प्रशासन और प्रयागराज मेला प्राधिकरण की ओर से आयोजित इस भव्य आयोजन में संगम नोज सहित विभिन्न घाट लाखों दीपों की रोशनी से जगमगा उठे। दीपों की अद्भुत छटा और भव्य सजावट ने संगम क्षेत्र को अलौकिक स्वरूप प्रदान किया। कार्यक्रम में इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायमूर्ति अरुण भंसाली, न्यायमूर्ति तरुण सक्सेना और न्यायमूर्ति मदन पाल सिंह सहित कई गणमान्य अतिथि शामिल हुए। इस दौरान अधिकारियों और अतिथियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां त्रिवेणी की भव्य आरती की और विधि-विधान से दीपदान किया। कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, अपर पुलिस आयुक्त डॉ. अजय पाल शर्मा तथा प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं मेलाधिकारी ऋषिराज समेत कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। देव दीपावली के मौके पर संगम क्षेत्र में गंगा आरती के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। वहीं, शानदार आतिशबाजी ने आसमान को रंगीन रोशनी से भर दिया। आयोजन स्थल पर सैंड आर्ट और आकर्षक सेल्फी पॉइंट भी बनाए गए थे, जहां लोगों ने तस्वीरें लेकर इस खास पल को यादगार बनाया। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए थे। विभिन्न विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। घाटों पर रोशनी, सजावट और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की मौजूदगी से संगम क्षेत्र देर शाम तक उत्सव के रंग में डूबा रहा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रंजना त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नगर मंगलेश दुबे, नगर मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी अभिनव पाठक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। आस्था, भक्ति और संस्कृति के संगम के बीच आयोजित देव दीपावली ने प्रयागराज की धार्मिक और सांस्कृतिक छटा को एक बार फिर भव्य रूप में प्रस्तुत किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User