सुल्तानपुर में गणेश विसर्जन पर डीजे, तेज साउंड:शारपी लाइटों पर रोक, प्रशासन ने पूजा समितियों संग बैठक कर दिए निर्देश

Sep 24, 2026 - 20:43
0
सुल्तानपुर में गणेश विसर्जन पर डीजे, तेज साउंड:शारपी लाइटों पर रोक, प्रशासन ने पूजा समितियों संग बैठक कर दिए निर्देश
सुल्तानपुर में गणेश विसर्जन की तैयारियां तेज हो गई हैं। मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए प्रशासन और स्थानीय निकायों ने कमर कस ली है। गुरुवार शाम करीब 6 बजे सीताकुंड घाट पर एसडीएम गरिमा सौनकिया, सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह और नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण कुमार अग्रवाल ने पूजा समितियों के साथ बैठक की। मौसम विभाग ने 27 सितंबर तक खराब मौसम और बारिश की चेतावनी जारी की है। इसी को देखते हुए एसडीएम और प्रशासन की टीम ने इलाकों का दौरा किया है। विसर्जन से जुड़ी लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नगर पालिका अध्यक्ष ने गणेश पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक की थी। इसका मकसद गणेश जी के पूजा पंडालों और विसर्जन शोभा यात्राओं को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से पूरा कराना था। उन्होंने पिछले आयोजनों का जिक्र करते हुए कहा कि तेज डीजे, भारी बेस और वाइब्रेशन से निकलने वाली आवाजें लोगों को नुकसान पहुंचाती हैं और स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें पैदा करती हैं। सभी समितियों से अपील की गई है कि वे तय नियमों के हिसाब से ही साउंड सिस्टम का इस्तेमाल करें। भारी डीजे, डीजे कॉम्पिटिशन, तेज वाइब्रेशन और शारपी लाइटों के इस्तेमाल पर सख्ती से रोक लगाने को कहा गया है। शोभा यात्रा और विसर्जन के दौरान हल्की और सही आवाज का इस्तेमाल करने की अपील की गई है। इससे बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों को कोई परेशानी नहीं होगी। सभी पूजा समितियों ने भरोसा दिया है कि वे कोई नियम नहीं तोड़ेंगे। अगर कोई बाहरी तत्व साउंड या डीजे पर गलत दबाव बनाता है, तो समितियां उसे खुद रोकेंगी। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने भी पूरी सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि विसर्जन यात्रा को सुरक्षित तरीके से पूरा कराया जाएगा। नगर पालिका अध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि गणेश विसर्जन की यह अनुशासित व्यवस्था आने वाले दुर्गा पूजा महोत्सव के लिए भी एक उदाहरण बनेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User