तीन दिन की हड़ताल से पहले रविवार को खुले बैंक:प्रयागराज में कर्मचारियों ने काले कपड़े पहनकर जताया विरोध, कल से हड़ताल
प्रयागराज तीन दिवसीय बैंक हड़ताल के ऐलान के बीच सरकार ने रविवार को भी बैंक शाखाएं खुलवाईं। 27 सितंबर को रविवार होने के बावजूद देशभर में कई बैंक शाखाओं में कामकाज हुआ। प्रयागराज में भी बैंक कर्मचारी ड्यूटी पर पहुंचे, लेकिन उन्होंने काले कपड़े पहनकर सरकार और बैंक प्रबंधन के प्रति विरोध जताया। बैंक कर्मचारियों का कहना है कि पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था समेत विभिन्न मांगों को लेकर सरकार और इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (आईबीए) के पास बातचीत और समाधान के लिए पर्याप्त समय था, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि तीन दिन की प्रस्तावित हड़ताल से पहले रविवार को बैंक खोलना कर्मचारियों के विरोध के बावजूद कामकाज कराने का प्रयास है। प्रयागराज के कीडगंज, सिविल लाइंस, मुंडेरा, प्रीतम नगर समेत सभी सरकारी बैंक शाखा में रविवार को सभी कर्मचारी काले कपड़े पहनकर ड्यूटी पर पहुंचे। उन्होंने काम करने के साथ ही अपनी मांगों के समर्थन में विरोध दर्ज कराया। कर्मचारियों का कहना है कि पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू होने से उन्हें साप्ताहिक अवकाश की बेहतर व्यवस्था मिल सकेगी और काम के साथ व्यक्तिगत जीवन में भी संतुलन बनाने में मदद मिलेगी। बैंक कर्मचारियों के मुताबिक, 22 सितंबर को नई दिल्ली में उप मुख्य श्रमायुक्त, श्रम मंत्रालय की अध्यक्षता में यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू), आईबीए, डीएफएम और बैंक प्रबंधन के प्रतिनिधियों के बीच वार्ता हुई थी। कर्मचारियों का कहना है कि बैठक में उनकी मांगों को लेकर सकारात्मक निर्णय नहीं हो सका। इसके बाद तीन दिवसीय हड़ताल का कार्यक्रम जारी रखा गया। कीडगंज शाखा में विरोध के दौरान यूनियन नेता शिवम श्रीवास्तव ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर 28, 29 और 30 सितंबर को प्रयागराज में बड़े धरना-प्रदर्शन का आगाज होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसमें बड़ी संख्या में सरकारी कर्मचारी और बैंककर्मी शामिल होकर अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाएंगे। रविवार को बैंक खुले रहने से ग्राहकों को बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध रहीं। वहीं, कर्मचारियों के काले कपड़े पहनकर काम करने से शाखाओं में विरोध का माहौल भी नजर आया। प्रदर्शन के दौरान अजय, सुरवी, तिश्य, अश्विनी, अंजना, राजकुमार, विक्की, पप्पू और राजेंद्र समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)