तेल डिपो के पास जमीन से निकले बुलबुले:देवरिया में पेट्रोल जैसी गंध से मचा लोगों में दहशत, भूमिगत पाइपलाइन से रिसाव की आशंका

Sep 28, 2026 - 08:57
0
तेल डिपो के पास जमीन से निकले बुलबुले:देवरिया में पेट्रोल जैसी गंध से मचा लोगों में दहशत, भूमिगत पाइपलाइन से रिसाव की आशंका
देवरिया के बैतालपुर तेल डिपो के पास रविवार देर शाम सड़क किनारे जमीन से बुलबुले निकलने लगे। साथ ही पानी जैसे पदार्थ के बाहर आने और पेट्रोल जैसी गंध से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना डिपो अधिकारियों को दी, जिसके बाद मौके पर दो सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया। हालांकि, देर रात तक किसी जिम्मेदार अधिकारी के मौके पर पहुंचकर जांच करने की जानकारी नहीं मिली। जमीन से निकल रहा पदार्थ वास्तव में क्या है और इसका स्रोत कहां है, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। स्थानीय लोगों के मुताबिक रविवार रात करीब 8 बजे सड़क किनारे जमीन से अचानक बुलबुले निकलते दिखाई दिए। इसके साथ पानी जैसा पदार्थ भी बाहर आ रहा था। आसपास मौजूद लोगों ने जब गंध महसूस की तो उन्हें पेट्रोल जैसी महक आई। घटना की जानकारी बैतालपुर तेल डिपो के अधिकारियों को दी गई। सुरक्षा के लिहाज से मौके पर दो सुरक्षाकर्मियों को तैनात किए जाने की बात सामने आई है। फिलहाल उनकी निगरानी में क्षेत्र को देखा जा रहा है। बरौनी से बैतालपुर तक भूमिगत पाइपलाइन बताया जाता है कि बिहार के बरौनी रिफाइनरी से बैतालपुर तेल डिपो तक पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति भूमिगत पाइपलाइन के जरिए होती है। इसी पाइपलाइन के आसपास रिसाव की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि जमीन से निकल रहा पदार्थ पेट्रोलियम उत्पाद ही है या कोई अन्य पदार्थ। रिसाव का वास्तविक स्रोत और कारण जांच के बाद ही सामने आएगा। ज्वलनशील पदार्थ होने की आशंका से लोग चिंतित स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जमीन से निकल रहा पदार्थ ज्वलनशील हुआ और आग के संपर्क में आया तो बड़ा खतरा हो सकता है। इसी वजह से आसपास रहने वाले लोग किसी अनहोनी को लेकर चिंतित हैं। स्थानीय निवासी मनोज यादव ने संबंधित विभाग से तत्काल मौके पर पहुंचकर रिसाव की जांच कराने और जरूरी सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि मामले में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जांच के बाद ही स्पष्ट होगी रिसाव की वजह डिपो अधिकारियों को सूचना मिलने के बाद मौके पर सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं, लेकिन स्थानीय लोगों के अनुसार देर रात तक कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर रिसाव की जांच नहीं कर सका था। रिसाव किस पदार्थ का है, भूमिगत पाइपलाइन से इसका कोई संबंध है या नहीं और इसके कारण क्या हैं, इन सभी सवालों का जवाब जांच के बाद ही मिल सकेगा। फिलहाल मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की बात कही गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User