तेलंगाना एक्सप्रेस में दंपती को लूटने की कोशिश:ललितपुर में 10 साल पुराने मामले में दो दोषियों को 7-7 साल की कैद

Nov 27, 2026 - 20:16
0
तेलंगाना एक्सप्रेस में दंपती को लूटने की कोशिश:ललितपुर में 10 साल पुराने मामले में दो दोषियों को 7-7 साल की कैद
ललितपुर में तेलंगाना एक्सप्रेस के एसी कोच में दंपती को चाकू और पिस्टल दिखाकर लूटने की कोशिश करने वाले दो बदमाशों को विशेष अदालत ने 7-7 साल की कठोर कैद की सजा सुनाई है। अदालत ने शुक्रवार शाम 5 बजे दोनों पर 1-1 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया। जुर्माना नहीं भरने पर एक महीने की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी। अपर जिला शासकीय अधिवक्ता कृष्ण बिहारी कुशवाहा ने बताया कि राजस्थान के धौलपुर निवासी शैलेन्द्र शर्मा ने इस मामले में मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 2 अगस्त 2016 को वह अपनी पत्नी राधा शर्मा के साथ आगरा स्टेशन से हैदराबाद जाने के लिए तेलंगाना एक्सप्रेस में सवार हुए थे। दरवाजा खोलते ही चाकू से किया हमला दंपति का रिजर्वेशन एसी कोच HA/1 के केबिन-C में बर्थ नंबर 9 और 10 पर था। ग्वालियर स्टेशन पार करने के बाद दोनों सो गए। उन्होंने केबिन का दरवाजा बंद कर कुंडी लगा ली थी। 3 अगस्त 2016 की रात करीब 2:30 बजे ललितपुर स्टेशन पार करने के बाद किसी ने केबिन का दरवाजा खटखटाया। शैलेन्द्र ने दरवाजा खोला तो एक व्यक्ति ने चाकू निकालकर उनके पेट पर हमला करने की कोशिश की। शैलेंद्र ने चाकू पकड़ लिया, जिससे उनके दाहिने हाथ की छोटी उंगली में चोट लग गई। इसके बाद आरोपी ने अपने साथी को आवाज दी। दूसरा व्यक्ति पिस्टल लेकर वहां पहुंच गया। इसी दौरान राधा की नींद खुल गई। उन्होंने केबिन का दरवाजा बंद करने की कोशिश की तो उनकी कलाई पर भी चाकू लग गया। आरोपियों ने पिस्टल चलाने की धमकी दी, लेकिन दंपति के विरोध के चलते वे बिना सामान लूटे भाग गए। मंकी कैप पहने थे दोनों आरोपी शैलेन्द्र ने रिपोर्ट में बताया था कि कोच अटेंडेंट ने भी घटना देखी थी। कोच कंडक्टर ने पुष्टि की थी कि वारदात ललितपुर स्टेशन पार करने के बाद हुई। दोनों आरोपियों ने मंकी कैप पहन रखी थी, इसलिए उनके चेहरे नहीं देख सके थे। इस मामले में जीआरपी ललितपुर ने 5 अगस्त 2016 को अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के बाद पुलिस ने वारदात में शामिल रामदास पिता बाबू सहरिया और दीपक पिता सुखलाल उर्फ सुकड़ी धानुक को गिरफ्तार किया। दोनों ललितपुर जिले के जाखलौन थाना क्षेत्र के बम्हौरीकलां गांव के रहने वाले हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User