बूथ के बाहर मोबाइल जमा करने की मिलेगी सुविधा:ECI की नई व्यवस्था; गोरखपुर में परखी गई 17 जिलों के चुनाव की तैयारियां

Nov 27, 2026 - 20:16
0
बूथ के बाहर मोबाइल जमा करने की मिलेगी सुविधा:ECI की नई व्यवस्था; गोरखपुर में परखी गई 17 जिलों के चुनाव की तैयारियां
भारत निर्वाचन आयोग (ECI) की टीम ने दो दिनों तक गोरखपुर में 17 जिलों के चुनाव से संबंधित तेयारियों को परखा। जिनके यहां कमियां मिलीं,उसे समय से सुधारने का निर्देश दिया गया है। ECI की टीम का नेतृत्व कर रहे वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग ने बताया कि इस बार मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के मोबाइल फोन जमा करने की सुविधा भी दी जाएगी। लकड़ी रैक या जूट के बैग रखे जाएंगे, जहां मतदाता अपना मोबाइल जमा कर बूथ के अंदर वोट देने जा सकेंगे। बूथ के 100 मीटर के दायरे में मोबाइल स्विच आफ करके ही लाया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि इसके पहले मतदाताओं का मोबाइल जमा करने की सुविधा नहीं थी। मोबाइल हर व्यक्ति की जरूरत बन चुका है। बूथ के भीतर मोबाइल ले जाना पहले से प्रतिबंधित है। ऐसे में मतदाताओं को मोबाइल के लिए टोका जाता था तो उनके पास कोई विकल्प नहीं रहता था। मतदाताओं को मोबाइल जमा करने के लिए भटकना पड़ता था। उनकी सुविधा के लिए इस बार मोबाइल डिपॉजिट करने की व्यवस्था बनाई गई है। दूसरे दिन जिलों के तैयारी की समीक्षा हुई निर्वाचन आयोग की टीम ने 26 नवंबर को 3 मंडलों के 11 जिलों के अधिकारियों के साथ चुनाव से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की थी। 27 नवंबर की सुबह 11:30 बजे से आजमगढ़ व विंध्याचल मंडल के 6 जिलों में निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा की गई। इसके बाद लखनऊ में बचे हुए जिलों की बैठक की जाएगी। उसके बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त एक साथ सभी जिलों की बैठक करेंगे। बूथों का निरीक्षण किया ECI के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग ने शुक्रवार की सुबह एमपी पॉलिटेक्निक एवं पादरी बाजार में स्थित बूथों का निरीक्षण किया। इस समय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण चल रहा है। उन्होंने बूथों पर काम कर रहे बीएलओ से बात भी की। उनसे समस्याओं के बारे में पूछा। कुछ बीएलओ ने बताया कि कहीं-कहीं मकान नंबर लिखे न होने से दिक्कत आ रही है लेकिन मतदाता से बात करके उसे दुरुस्त किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 1 जनवरी 2027 तक 18 साल की उम्र पूरी करने वाले युवाओं को मतदाता बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही जिन महिलाओं के नाम मतदाता सूची में नहीं हैं, उसे भी जोड़ने का निर्देश दिया गया है। इन जिलों के अधिकारियों के साथ बैठक हुई दूसरे दिन आजमगढ़ एवं विंध्याचल मंडलों के अंतर्गत आने वाले 6 जनपदों की निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान दोनों मंडलों के कमिश्नरव डीआईजी उपस्थित रहे। आजमगढ़, मऊ, बलिया, मिर्जापुर, भदोही एवं सोनभद्र जनपदों के जिलाधिकारी एवं पुलिस कप्तान भी बैठक में मौजूद रहे। सभी जिलाधिकारियों ने अपने जिलों में की गई तैयारियों को लेकर प्रजेंटेशन दिया। पुलिस कप्तानों की ओर से सुरक्षा को लेकर की जा रही तैयारियों के बारे में जानकारी दी गई। लोकसभा चुनाव 2024 एवं विधानसभा चुनाव 2022 में गड़बड़ी फैलाने वाले चिह्नित लोगों पर नजर रखने को कहा गया। इन चुनावों में किसी अपराध के मामले में जिनपर केस दर्ज हैं, उनके केसों की वर्तमान स्थिति के बारे में भी जानकारी ली गई। पूरी तरह से पारदर्शी चुनाव होगा ECI के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि विधानसभा चुनाव 2027 को पूरी तरह से पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर बिन्दु पर समीक्षा की गई है। जिन जिलों में कमी मिली है, उसे समय रहते दूर करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं की सुविधा व सुरक्षा को लेकर निर्देश दिए गए हैं। SSR की भी समीक्षा हुई मनीष गर्ग ने बताया कि SIR के बाद जो लोग मतदाता बनने से छूट गए थे। उनके लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) किया जा रहा है। जो पात्र लोग मतदाता बनने से वंचित रह गए हैं, वे फार्म 6 भरकर मतदाता बन सकते हैं। इसके साथ ही संशोधन के लिए संबंधित फार्म भरा जा सकता है। मतदाताओं के सहयोग के लिए सभी बूथों पर बीएलओ मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि सुबह बूथों का निरीक्षण भी किया है। सभी जिलाधिकारियों से उनके जिले में SSR को लेकर चल रही प्रगति के बारे में भी जानकारी ली गई है। उन्होंने बताया कि इसके लिए 28 व 29 नवंबर को विशेष अभियान भी चलाया जाएगा। इन बिन्दुओं पर हुई समीक्षा समीक्षा बैठक में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया गया। निर्वाचन आयोग की टीम ने मतदाता सूची को त्रुटिरहित तैयार करने एवं अद्यतन करने संबंधी कार्यवाही, मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों पर आवश्यक न्यूनतम सुविधाओं की उपलब्धता (AMF), EVM एवं VVPAT की उपलब्धता एवं प्रबंधन, निर्वाचन कार्मिकों की उपलब्धता एवं प्रशिक्षण, जनपदवार निर्वाचन प्रबंधन योजना (DEMP) तथा निर्वाचन प्रक्रिया के सुचारु संचालन से जुड़े विभिन्न बिन्दुओं पर समीक्षा की। इसके अतिरिक्त कानून-व्यवस्था की स्थिति, क्रिटिकल एवं वल्नरेबल मतदेय स्थलों का चिह्नीकरण एवं प्रभावी प्रबंधन, सुरक्षा बलों की उपलब्धता एवं तैनाती की योजना, मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं, मतदेय स्थलों की वेबकास्टिंग, निर्वाचन के दौरान पुलिस एवं प्रशासन के बीच समन्वय तथा निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण से संबंधित व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। विगत निर्वाचनों के अनुभवों के आधार पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) की उपलब्धता आदि की भी जानकारी ली गई। वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग ने निर्देश दिए कि निर्वाचन से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरी पारदर्शिता, शुद्धता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वाचन अधिनियमों, नियमों तथा भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराए जाएं। निर्वाचन तैयारियों में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन को शून्य हिंसा (Zero Violence), शून्य प्रलोभन (Zero Inducement) एवं शून्य त्रुटि (Zero Error) के लक्ष्य के साथ संपन्न कराने के लिए सभी स्तरों पर ठोस कार्ययोजना के अनुरूप कार्य किया जाए। सभी जिलों में बनानी होगी डुप्लीकेट फ्री मतदाता सूची बैठक में मौजूद मुख्य निर्वाचन अधिकारी रिणवा ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को दोहरी प्रविष्टियों से मुक्त मतदाता सूची बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अनुपस्थित, स्थानांतरित, दोहरी प्रविष्टि एवं मृतक (ASDD) मतदाताओं का नियमानुसार सत्यापन करा लिया जाए। उन्होंने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारियों एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि BLO सुपरवाइजर एवं BLO के माध्यम से टेबल टॉप एक्सरसाइज कराकर मतदाता सूची की गहन जांच की जाए, जिससे दिनांक 04 जनवरी, 2027 को मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के पश्चात उसमें किसी प्रकार की त्रुटि न रहने पाए। बूथों पर करनी होंगी ये व्यवस्थाएं सभी मतदान केंद्रों पर पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, छाया, पर्याप्त फर्नीचर, महिलाओं एवं पुरुषों के लिए पृथक शौचालय, दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप तथा मतदान केंद्रों तक सुगम पहुंच एवं समुचित सड़क व्यवस्था सहित आवश्यक न्यूनतम सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाएगी। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दौरान समस्त मतदेय स्थलों पर वेबकास्टिंग कराई जाएगी। मतदेय स्थलों में कैमरों को सुव्यवस्थित ढंग से स्थापित करने तथा वेबकास्टिंग की प्रभावी निगरानी हेतु प्रशिक्षित कार्मिकों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User