विश्व फार्मासिस्ट दिवस पर 36 फार्मासिस्ट सम्मानित:सम्भल में केमिस्ट एसोसिएशन ने सेवा और समर्पण के लिए किया अभिनंदन
सम्भल में विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर शनिवार शाम 5 बजे केमिस्ट एसोसिएशन की ओर से फार्मासिस्ट अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सेवाएं दे रहे 36 फार्मासिस्टों को शॉल ओढ़ाकर, माल्यार्पण एवं सम्मान पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक वंदे मातरम गायन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि आर्य समाज के प्रधान सुशील गुप्ता भगत ने कहा कि चिकित्सक, फार्मासिस्ट और केमिस्ट स्वस्थ, स्वावलंबी एवं विकसित राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने में इनका योगदान महत्वपूर्ण है। उन्होंने फार्मासिस्टों के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज में इनके प्रति सम्मान का भाव और अधिक मजबूत होना चाहिए। विवान अस्पताल में सेवाएं दे रहे चिकित्सक डॉ. अजय वर्मा ने फार्मासिस्ट और केमिस्ट की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि मरीज को चिकित्सक की सलाह के अनुसार दवा उपलब्ध कराने तथा दवा के सेवन का तरीका और जरूरी सावधानियां बताने में फार्मासिस्ट महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करते हैं। केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष राहिल भारतीय ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि कोरोना काल में पुलिस और सफाई कर्मियों के साथ फार्मासिस्ट एवं केमिस्ट भी अपनी जान जोखिम में डालकर दिन-रात समाज की सेवा में जुटे रहे। उन्होंने कहा कि चिकित्सक द्वारा लिखी गई दवा मरीज तक पहुंचाने के साथ उसके सेवन, परहेज और आवश्यक हिदायतों की जानकारी देना भी फार्मासिस्ट की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसी सेवा भावना को सम्मान देने के उद्देश्य से क्षेत्र के 36 समर्पित फार्मासिस्टों का अभिनंदन किया गया। समारोह में दीपक सैनी, सचिन कुमार, मोहम्मद नदीम, शमीम रहमान, मोहम्मद आलम, मोहम्मद बिलाल, अजय सैनी, श्रेय शुक्ला, और हरपाल सिंह समेत 36 फार्मासिस्ट सम्मानित हुए। समारोह का समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ इस दौरान भाजपा नेता चरन सिंह भारती, सभासद महावीर सिंह, डॉ. इकबाल अहमद, सत्यवीर सिंह पाल, सुशील कुमार मेहरोत्रा, सुभाष चंद्र शर्मा, अतुल कुमार त्यागी समेत अन्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का कुशल संचालन समाजसेवी एवं बालाजी ज्ञान ज्योति संस्थान के प्रधानाचार्य विकास कुमार वर्मा ने किया। समारोह का समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)