10दिसंबर तक 6-लेन पुल एक-साइड तैयार नहीं तो होगी FIR:DM ने दी चेतावनी, गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों से समझौता न करने के निर्देश
प्रयागराज में निर्माणाधीन 6 लेन पुल के निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कड़ा रुख अपनाया है। गुरुवार को पुल के निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण करने पहुंचे जिलाधिकारी ने काम की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्था को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 10 दिसंबर तक पुल के एक साइड का निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ तो संबंधित कार्यदायी संस्था के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने साफ शब्दों में कहा कि निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करना होगा, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कार्यदायी संस्था को मशीनरी और मैनपावर बढ़ाकर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही पुल निर्माण में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने को कहा। निर्माण कार्य की नियमित निगरानी के लिए जिलाधिकारी ने सेतु निगम के अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित करते हुए प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। इस दौरान प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ऋषिराज और नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा भी मौजूद रहे। वहीं, जिलाधिकारी ने विज्ञान संकाय परिसर के बगल में निर्माणाधीन कन्वेंशन सेंटर (कल्चरल कॉम्प्लेक्स) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था को इस परियोजना का निर्माण कार्य भी 10 दिसंबर तक गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)