शास्त्रीनगर के 24 भूखंड़ों पर 2 दिन बाद चलेगा बुलडोजर:आवास आयुक्त ने दिया अल्टीमेटम, मानकों के अनुरूप न मिलने पर तोड़ेंगे अवैध हिस्सा
मेरठ में शास्त्रीनगर के सेंट्रल मार्केट प्रकरण में 9 दिसंबर को होने वाली सुनवाई से पहले आवास विकास परिषद ने कार्रवाई तेज कर दी है। गुरुवार को उप आवास आयुक्त अनिल कुमार सिंह ने सेटबैक के मानकों के अनुरूप भवन नहीं करने वाले 24 भूखंड मालिकों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए निर्देश दिए कि इस अवधि में अपने भवनों को निर्धारित सेटबैक के अनुसार कर लें। ऐसा नहीं करने पर दो दिन बाद से आवास विकास की टीम बुलडोजर कार्रवाई करते हुए भवनों के अवैध हिस्सों को ध्वस्त करेगी। दरअसल, आवास विकास परिषद ने पहले सेंट्रल मार्केट की 44 संपत्तियों के मालिकों को सेटबैक के मानकों के अनुरूप निर्माण करने और अवैध हिस्से हटाने के निर्देश दिए थे। इनमें से अब तक 20 संपत्ति मालिकों ने निर्धारित मानकों के अनुसार निर्माण करा लिया है, जबकि 24 संपत्तियों में अभी भी काम बाकी है। इन 24 भूखंड मालिकों को गुरुवार को बैठक में बुलाया गया था। आवास आयुक्त ने स्पष्ट कर दिया कि अब उन्हें और समय नहीं दिया जाएगा। दो दिन के भीतर अवैध निर्माण हटाकर सेटबैक पूरा करना होगा, अन्यथा परिषद खुद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करेगी। 9 दिसंबर को होनी है सुनवाई सेंट्रल मार्केट प्रकरण में आगामी 9 दिसंबर को सुनवाई प्रस्तावित है। इसमें आवास विकास परिषद को पूरे प्रकरण से संबंधित कार्रवाई और अनुपालन की रिपोर्ट सौंपनी है। इसी सुनवाई में मेरठ विकास प्राधिकरण (MDA) को भी जोन-1 की 16,726 संपत्तियों के री-सर्वे की रिपोर्ट प्रस्तुत करनी है। इन संपत्तियों को लेकर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सर्वे और जांच की प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में सुनवाई से पहले दोनों विभागों को अपनी-अपनी रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुत करनी है। आवास विकास परिषद की ओर से 44 संपत्तियों पर की गई कार्रवाई और शेष 24 भवनों पर प्रस्तावित ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी इस प्रक्रिया का अहम हिस्सा होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)