हथियार बदलने पर विचार करने में कानूनी बाधा नहीं:हाईकोर्ट बोला- शस्त्र लाइसेंस प्रभावी तो अस्वीकृति आदेश निरस्त

Nov 26, 2026 - 23:25
0
हथियार बदलने पर विचार करने में कानूनी बाधा नहीं:हाईकोर्ट बोला- शस्त्र लाइसेंस प्रभावी तो अस्वीकृति आदेश निरस्त
शस्त्र लाइसेंस से संबंधित महत्वपूर्ण विधिक प्रश्न पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अहम आदेश पारित किया है। न्यायालय ने स्पष्ट किया कि जब तक किसी व्यक्ति का शस्त्र लाइसेंस प्रभावी है, तब तक उसके पुराने लाइसेंसी शस्त्र को बेचकर नया शस्त्र खरीदने के आवेदन पर विचार करने में कोई कानूनी बाधा नहीं है। न्यायमूर्ति सौरभ श्याम शमशेरी की एकलपीठ ने यह आदेश साबिर अली की ओर से दाखिल याचिका सुनवाई करते हुए पारित किया। जानिये क्या है मामला प्रकरण के अनुसार, याची को वर्ष 2010 में शस्त्र लाइसेंस जारी किया गया था। याची ने अपने पुराने लाइसेंसी शस्त्र को बेचकर उसके स्थान पर नया शस्त्र खरीदने की अनुमति के लिए आवेदन किया था। संबंधित लाइसेंसिंग प्राधिकारी ने याची के विरुद्ध आपराधिक मुकदमे लंबित होने के आधार पर 26 मई 2026 को उसका आवेदन अस्वीकार कर दिया था। उक्त आदेश की वैधता को हाईकोर्ट में चुनौती दी गई। याची की ओर से उपस्थित अधिवक्ता आशीष कुमार श्रीवास्तव ने न्यायालय के समक्ष महत्वपूर्ण विधिक तर्क प्रस्तुत करते हुए कहा कि जब याची का शस्त्र लाइसेंस विधिवत प्रभावी है और उसके निरस्तीकरण की कोई कार्यवाही भी प्रारंभ नहीं की गई है, तब पुराने शस्त्र को बेचकर नया शस्त्र खरीदने के आवेदन पर विचार करने में कोई कानूनी impediment नहीं है। अधिवक्ता ने कोर्ट में तर्क दिए न्यायालय ने याची के अधिवक्ता के तर्क को उचित माना। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार के अधिवक्ता भी उक्त विधिक तर्क का खंडन नहीं कर सके। हालांकि, राज्य की ओर से परिस्थितियों के अनुरूप शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्यवाही प्रारंभ करने की स्वतंत्रता दिए जाने का अनुरोध किया गया। अस्वीकृति आदेश को निरस्त किया हाईकोर्ट ने याची के प्रभावी शस्त्र लाइसेंस को दृष्टिगत रखते हुए 26 मई 2026 के अस्वीकृति आदेश को निरस्त कर दिया तथा प्रकरण को लाइसेंसिंग प्राधिकारी के समक्ष विधि के अनुरूप नए सिरे से निर्णय लेने के लिए प्रेषित कर दिया। साथ ही, परिस्थितियां उत्पन्न होने पर लाइसेंस निरस्तीकरण की वैधानिक कार्यवाही प्रारंभ करने की स्वतंत्रता भी सुरक्षित रखी। विधिक दृष्टि से इस आदेश का विशेष महत्व है, क्योंकि यह प्रभावी शस्त्र लाइसेंस के अंतर्गत शस्त्र प्रतिस्थापन के आवेदन और लाइसेंस निरस्तीकरण की वैधानिक कार्यवाही के बीच महत्वपूर्ण अंतर को रेखांकित करता है। यह निर्णय समान प्रकृति के विवादों में एक महत्वपूर्ण न्यायिक संदर्भ बन सकता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User