13 दिन से लापता ऑटो चालक का शव मिला:सचेंडी में दुर्गंध आने पर राहगीरों ने देखा, पिता ने की बेटे की पहचान

Sep 27, 2026 - 18:03
0
13 दिन से लापता ऑटो चालक का शव मिला:सचेंडी में दुर्गंध आने पर राहगीरों ने देखा, पिता ने की बेटे की पहचान
कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र में 13 दिन से लापता ऑटो चालक का शव रविवार दोपहर नाले में उतराता मिलने से हड़कंप मच गया। नाले से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों और राहगीरों ने झांककर देखा तो पानी में एक युवक का शव पड़ा था। शव मिलने की सूचना पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीरों ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही सचेंडी थाने का फोर्स मौके पर पहुंचा और शव को नाले से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव की शिनाख्त के लिए लापता युवक के परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पिता मूलचंद्र ने शव की पहचान अपने बेटे अनिल कुमार (49) के रूप में की। बेटे का शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि युवक नाले में किन परिस्थितियों में गिरा, इसकी जांच की जा रही है। 14 तारीख को ऑटो लेकर निकला था, फिर नहीं लौटा गुजैनी थाना क्षेत्र के रायपुरवा मेहरबान सिंह का पुरवा निवासी मूलचंद्र प्राइवेट कर्मी हैं। उनके चार बच्चों में बड़ा बेटा अनिल कुमार ऑटो चलाता था। परिवार में छोटे बेटे सुनील और सुशील के अलावा बेटी निहारिका हैं। अनिल के परिवार मे पत्नी सुमन व एक बेटी है। पिता मूलचंद्र ने पुलिस को बताया कि अनिल बीती 14 तारीख को रोज की तरह सुबह ऑटो लेकर घर से निकला था। उसे उस दिन अपने ससुराल रनिया, रायपुर भी जाना था। अनिल बर्रा से सवारी लेकर सचेंडी छोड़ने गया था। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। रात करीब दस बजे सचेंडी थाने से ऑटो मालिक को सूचना मिली कि अनिल का ऑटो थाने से कुछ दूरी पर भाऊपुर रोड पर खड़ा मिला है। ऑटो मालिक ने तत्काल परिवार को इसकी जानकारी दी। परिजन और ऑटो मालिक मौके पर पहुंचे। परिवार ने अनिल के ससुराल में भी फोन कर जानकारी ली, लेकिन वह वहां भी नहीं पहुंचा था। दूसरे दिन दर्ज कराई गुमशुदगी, 13 दिन तक तलाश अनिल के अचानक लापता होने के बाद परिजनों ने रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन परिजन सचेंडी थाने पहुंचे और अनिल की गुमशुदगी दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस और परिवार लगातार उसकी तलाश में जुटे रहे। परिजन पिछले 13 दिनों से बेटे की तलाश कर रहे थे। इस दौरान उन्हें लगातार उम्मीद थी कि अनिल कहीं मिल जाएगा, लेकिन रविवार को नाले में शव मिलने की सूचना ने परिवार को झकझोर दिया। दुर्गंध आई तो नाले में झांककर देखा, शव देखकर मची अफरातफरी रविवार दोपहर नाले की तरफ से तेज दुर्गंध आने लगी। आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने नाले में झांककर देखा तो पानी में युवक का शव दिखाई दिया। शव की सूचना फैलते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई। लोगों ने 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। इसके बाद लापता युवक के परिजनों को बुलाया गया। मौके पर पहुंचे पिता मूलचंद्र ने शव की पहचान अनिल कुमार के रूप में की। शव की हालत देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजन बोले- बारिश और बाढ़ के पानी में दिखाई नहीं दिया होगा नाला परिजनों का कहना है कि पिछले दिनों लगातार हुई बारिश के कारण क्षेत्र में जगह-जगह पानी भर गया था। उनका अनुमान है कि सड़क और नाले में बाढ़ का पानी भरा होने के कारण अनिल को नाला दिखाई नहीं दिया होगा और वह उसमें गिर गया। हालांकि युवक की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस सचेंडी थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि युवक के नाले में गिरने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी चेक कराई जा रही है। परिजनों की ओर से यदि कोई तहरीर मिलती है तो उसके आधार पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User