लखीमपुर में बारिश-आंधी से बिगड़े हालात:डीएम ने सैम्पवेल से जलनिकासी, बिजली बहाली के दिए निर्देश
लखीमपुर में लगातार बारिश और तेज हवाओं के बाद जिले में हालात बिगड़ गए। शहर से लेकर हाईवे और गांवों के संपर्क मार्गों तक जगह-जगह पेड़ और डालियां गिरने से आवागमन प्रभावित हुआ। वहीं राहत और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह रविवार को खुद प्रभावित इलाकों में पहुंचे। उन्होंने जलनिकासी, बिजली और यातायात व्यवस्था जल्द सामान्य कराने के निर्देश दिए। वहीं, सड़कों से पेड़ हटाने में प्रशासनिक टीमों के साथ ग्रामीण भी जुटे रहे। ईदगाह में झुका पेड़, मकान खाली कराने के निर्देश डीएम ने सबसे पहले ईदगाह मोहल्ले का निरीक्षण किया। यहां तेज हवा के कारण एक पेड़ झुक गया था, जिससे आसपास के मकानों पर खतरा बना हुआ था। वन विभाग की टीम पेड़ को सुरक्षित तरीके से हटाने में जुटी थी। खतरे को देखते हुए डीएम ने आसपास के मकानों को खाली कराने और प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने के निर्देश दिए। शिव कॉलोनी में सैम्पवेल से पानी निकालने के निर्देश इसके बाद डीएम शिव कॉलोनी पहुंचे। यहां जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने सैम्पवेल के जरिए पानी पंप आउट कराकर तत्काल जलनिकासी कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी जानीं। छाउछ में बिजली बहाली की समीक्षा डीएम ने सदर विधायक योगेश वर्मा के साथ विद्युत वितरण केंद्र छाउछ का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिशासी अभियंता से प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाली की स्थिति की जानकारी ली। डीएम ने निर्देश दिए कि जहां बिजली आपूर्ति बाधित है, वहां प्राथमिकता के आधार पर काम कर जल्द आपूर्ति बहाल की जाए। साथ ही पेयजल आपूर्ति प्रभावित क्षेत्रों में भी व्यवस्थाएं सामान्य कराने को कहा। हाईवे से लेकर गांवों के रास्ते तक पेड़ बने बाधा तेज हवाओं के बाद सड़कों पर गिरे पेड़ों को हटाकर यातायात बहाल करना प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती रही। हाईवे पर आवागमन सुचारु कराने के लिए प्रशासन, वन विभाग और लोक निर्माण विभाग की टीमें दिनभर पेड़ काटकर हटाने में जुटी रहीं। कई जगह बड़े पेड़ों को हटाने में समय लगने से यातायात प्रभावित रहा। मुख्य मार्गों के बाद गांवों के संपर्क रास्तों को खोलने का काम शुरू हुआ। कई ग्रामीण इलाकों में पेड़ और मोटी डालियां गिरने से रास्ते घंटों बंद रहे। प्रशासनिक टीमों के पहुंचने में समय लगा तो स्थानीय लोगों ने खुद मोर्चा संभाला। ग्रामीणों और युवाओं ने पेड़ों की डालियां काटकर रास्तों से हटाईं और आवागमन बहाल कराया। बिजली, पेयजल और यातायात सामान्य कराने में जुटे विभाग डीएम ने कहा कि तेज हवाओं और बारिश के कारण कई स्थानों पर पेड़ सड़कों और विद्युत लाइनों पर गिरे हैं। इनके निस्तारण के लिए संबंधित विभागों की टीमें लगाई गई हैं। प्रभावित क्षेत्रों में बिजली, पेयजल और यातायात व्यवस्था जल्द सामान्य कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस निरीक्षण के दौरान एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, एसडीएम सदर/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट चेलवा राजू आर, ईओ संजय कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)