सार्वजनिक जमीन के रिकॉर्ड में हेराफेरी पर हाईकोर्ट सख्त:मंडलायुक्त की जांच में फर्जी मिलीं प्रविष्टियां, फिर भी नहीं हुई FIR

Nov 27, 2026 - 23:51
0
सार्वजनिक जमीन के रिकॉर्ड में हेराफेरी पर हाईकोर्ट सख्त:मंडलायुक्त की जांच में फर्जी मिलीं प्रविष्टियां, फिर भी नहीं हुई FIR
इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ ने सुल्तानपुर के सजमपुर गांव के मामले में सुनवाई की। यहां सार्वजनिक जमीन के रिकॉर्ड में कथित हेराफेरी हुई। इस पर कार्रवाई नहीं होने से कोर्ट ने सरकार और प्रशासनिक अधिकारियों पर सवाल उठाए। मंडलायुक्त की जांच में राजस्व और चकबंदी रिकॉर्ड की प्रविष्टियां पहली नजर में फर्जी पाई गई थीं। इसके बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं की गई। कोर्ट ने जिलाधिकारी और कलेक्टर को मामले की जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वहीं, सुनवाई में याचिकाकर्ता के खुद सार्वजनिक जमीन पर कब्जा करने की बात सामने आने पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। सार्वजनिक जमीन पर बना लिए मकान न्यायमूर्ति जसप्रीत सिंह की एकल पीठ ने सार्वजनिक उपयोग की जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़ी जनहित याचिका पर सुनवाई की। मामला सजमपुर गांव की गाटा संख्या 471मि. की जमीन का है। इस पर निजी लोगों ने मकान बना लिए हैं। संबंधित पक्षों का दावा था कि चकबंदी प्रक्रिया के दौरान उन्हें यह जमीन आवंटित की गई थी। हालांकि, वे अपने दावे के समर्थन में अदालत में कोई भरोसेमंद दस्तावेज पेश नहीं कर सके। रिकॉर्ड में उनके पूर्वजों के नाम जमीन दर्ज होने का प्रमाण भी नहीं मिला। चकबंदी रिकॉर्ड में भी उनके मालिकाना हक का कोई ठोस आधार सामने नहीं आया। अधिकारी अनजान बने रहे, अदालत पहुंचने पर जागा प्रशासन हाईकोर्ट ने कहा कि सार्वजनिक जमीन की निगरानी करना और उस पर अवैध कब्जे रोकना राजस्व अधिकारियों की जिम्मेदारी है। इसके बावजूद सालों तक जमीन पर मकान बनते रहे और अधिकारी अनजान बने रहे। अदालत में मामला पहुंचने के बाद ही प्रशासन सक्रिय हुआ। कोर्ट ने जिलाधिकारी और कलेक्टर को मंडलायुक्त की जांच रिपोर्ट के आधार पर राजस्व और चकबंदी रिकॉर्ड में कथित हेराफेरी की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। डीएम को व्यक्तिगत हलफनामा दाखिल करना होगा अदालत ने सुल्तानपुर के जिलाधिकारी को व्यक्तिगत हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया है। इसमें जिले की सार्वजनिक उपयोग की जमीन की स्थिति का ब्योरा देना होगा। साथ ही राजस्व संहिता की धारा 67 के तहत लंबित और निस्तारित मामलों, बेदखली के आदेशों पर अमल और मुआवजे की वसूली की जानकारी भी देनी होगी। याचिकाकर्ता पर भी लगाया जुर्माना सुनवाई के दौरान अदालत के सामने आया कि जनहित याचिका दाखिल करने वाले व्यक्ति ने खुद सार्वजनिक जमीन पर कब्जा कर रखा है। इस पर कोर्ट ने याचिकाकर्ता पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User