गवाही के लिए नहीं पहुंचे दरोगा, वेतन रोकने के आदेश:आगरा कोर्ट ने SSP सहारनपुर से कहा- पालन करें या स्पष्टीकरण दें

Nov 28, 2026 - 00:08
0
गवाही के लिए नहीं पहुंचे दरोगा, वेतन रोकने के आदेश:आगरा कोर्ट ने SSP सहारनपुर से कहा- पालन करें या स्पष्टीकरण दें
एनडीपीएस एक्ट के 10 साल पुराने मुकदमे में गवाही के लिए दरोगा के पेश नहीं होने पर आगरा कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। एडीजे-13 महेश चंद वर्मा ने उपनिरीक्षक संजय कुमार शर्मा का वेतन रोकने के आदेश दिए हैं। उन्होंने एसएसपी सहारनपुर को निर्देश दिया है कि दरोगा के अदालत में साक्ष्य देने तक उनका वेतन रोका जाए और इसकी अनुपालन आख्या तुरंत अदालत में भेजी जाए। आदेश का पालन नहीं होने पर एसएसपी से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। मामला थाना सदर से संबंधित एनडीपीएस एक्ट के राज्य बनाम गोरा उर्फ शादाब का है। यह मुकदमा वर्ष 2016 से अदालत में लंबित है। इसमें उपनिरीक्षक संजय कुमार शर्मा की गवाही होनी है। कई बार प्रतिकूल आदेश जारी होने के बावजूद दरोगा गवाही के लिए अदालत में पेश नहीं हुए। इस पर अदालत ने पहले भी एसएसपी सहारनपुर को उन्हें पेश कराने के निर्देश दिए थे, लेकिन आदेश का पालन नहीं हुआ। अदालत ने इसे आदेशों की अवहेलना मानते हुए दोबारा वेतन रोकने का निर्देश दिया है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि आदेश का पालन नहीं किया गया तो एसएसपी सहारनपुर के खिलाफ न्यायालय अवमानना अधिनियम, 1971 की धारा 15 के तहत कार्रवाई के लिए मामला हाईकोर्ट को संदर्भित किया जा सकता है। अदालत ने एसएसपी से यह भी स्पष्ट करने को कहा है कि उनके खिलाफ अवमानना की कार्रवाई क्यों न की जाए। आगरा के दो दरोगाओं पर भी कार्रवाई के निर्देश अदालत ने गवाह संजय कुमार शर्मा को पेश कराने के आदेश की तामील में लापरवाही बरतने पर उपनिरीक्षक अशोक कुमार और उपनिरीक्षक वीरेंद्र सिंह के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश पुलिस आयुक्त आगरा को दिए हैं। पुलिस आयुक्त से एक महीने के अंदर कार्रवाई की अनुपालन आख्या मांगी गई है। मामले में अगली सुनवाई के लिए 10 दिसंबर की तारीख तय की गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User