आरोपियों की गिरफ्तारी तक थाने में दबा रहा उघैती कांड:4 दिन तक पुलिस आरोपियों को तलाशती रही, जंगल में प्रेमी-प्रेमिका से छेड़छाड़ की थी मारपीट
बदायूं के उघैती में प्रेमी युगल को जंगल में पकड़कर युवती से बदसलूकी और युवक से मारपीट कर 1500 रुपये लूटने के मामले में अब थाना पुलिस की भूमिका सवालों के घेरे में है। चर्चा है कि घटना का वीडियो आरोपियों के विरोधियों ने पांच हजार रुपये में खरीदकर पुलिस को दिया था। वीडियो हाथ लगने के बाद थानास्तर पर आरोपियों की धरपकड़ शुरू हो गई। पुलिस चार दिन तक आरोपियों और पीड़ित युगल को ट्रेस करने में लगी रही। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही अफसरों को मामले की जानकारी दी गई। घटना 17 सितंबर की शाम सराय बरौलिया गांव के जंगल की है। इलाके की युवती संभल निवासी युवक के साथ जंगल गई थी। कुछ युवक दोनों का पीछा करते हुए जंगल में पहुंच गए। उन्होंने युगल को पकड़ लिया। युवक से मारपीट की और युवती को जबरन पकड़कर उसका वीडियो बनाया। वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए युवक की जेब से 1500 रुपये भी लूट लिए। इसके बाद दोनों अपने घर लौट गए। घटना का वीडियो थाने तक पहुंचने के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कवायद शुरू कर दी थी। गांव में पुलिस की गतिविधियां भी रहीं, लेकिन इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को नहीं दी गई। पुलिस का पूरा फोकस आरोपियों को पकड़ने और पीड़ित युगल तक पहुंचने पर रहा। चार दिन बाद जब आरोपी पकड़ लिए गए तो मामला अफसरों के संज्ञान में आया। एसएसपी अंकिता शर्मा का कहना है कि वीडियो गुरुवार को उनके संज्ञान में आया। वीडियो में दिखाई दे रही बाइक के नंबर से युवक तक पहुंच बनाई गई। इसके बाद युवती की पहचान कर उससे संपर्क किया गया। काउंसलिंग के बाद उसने तहरीर दी। पुलिस ने सुगेंद्र कुमार निवासी स्वरूपपुर, बेचैन जाटव और छोटे जाटव निवासी सराय बरौलिया को गिरफ्तार किया है। मामले में चार नामजद और कुछ अज्ञात आरोपी बताए गए हैं। इधर, आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा और डीआईजी अजय साहनी भी मौके पर पहुंचे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)