अंबेडकरनगर में 36 घंटे बिजली गुल, लाखों लोग परेशान:90 पोल टूटे, दर्जनभर ट्रांसफार्मर खराब; भीटी-राजेसुल्तानपुर समेत कई इलाकों में अंधेरा

Sep 27, 2026 - 12:52
0
अंबेडकरनगर में 36 घंटे बिजली गुल, लाखों लोग परेशान:90 पोल टूटे, दर्जनभर ट्रांसफार्मर खराब; भीटी-राजेसुल्तानपुर समेत कई इलाकों में अंधेरा
अम्बेडकरनगर में तीन दिन से जारी बारिश और तेज आंधी-तूफान का दौर रविवार सुबह थम गया, लेकिन बिजली व्यवस्था अब भी पटरी पर नहीं लौट सकी है। आंधी-बारिश के चलते जिले में करीब 90 बिजली के पोल टूट गए, जबकि दर्जनभर ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए हैं। कई जगह पेड़ और टहनियां बिजली की लाइनों पर गिरने से आपूर्ति बाधित हो गई। शुक्रवार रात से रविवार सुबह तक करीब 36 घंटे बिजली गुल रहने से शहर के कई मोहल्लों के साथ सैकड़ों गांवों की लाखों आबादी प्रभावित रही। अकबरपुर उपकेंद्र से कुर्की, वीआईपी, पटेलनगर, सदरपुर, एलआईसी, साउथ वेस्ट, टाउन, सब स्टेशन और कंपोजिट फीडर के जरिए शहर समेत करीब 150 गांवों को बिजली आपूर्ति होती है। शनिवार को अलग-अलग क्षेत्रों में दो दर्जन से अधिक पेड़ गिरने से बिजली के खंभे, ट्रांसफार्मर और 33 हजार वोल्ट की लाइन के तार क्षतिग्रस्त हो गए। इससे पूरी रात आपूर्ति बाधित रही। शहर के कुछ हिस्सों में शनिवार दिन में बिजली बहाल कर दी गई, लेकिन ग्रामीण इलाकों में कई स्थानों पर रविवार सुबह तक संकट बना रहा। आलापुर पावरहाउस से जुड़े रामनगर, आलापुर, तेंदुआईकला, न्योरी, हंसवर, मकोईया और दरगाह फीडर क्षेत्रों में पेड़ गिरने से पोल और ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए। शुक्रवार देर रात से प्रभावित इन क्षेत्रों में रविवार सुबह तक कई गांवों में बिजली नहीं पहुंच सकी। टांडा बिजलीघर क्षेत्र के कई इलाकों में भी शुक्रवार रात से आपूर्ति ठप रही। वहीं जलालपुर के कल्याणपुर उपकेंद्र से जुड़े सिकंदरपुर, कटघर मूसा, सम्मनपुर और बरियावन समेत अन्य क्षेत्रों में लोग बिजली संकट से परेशान रहे। भीटी और राजेसुल्तानपुर क्षेत्र में भी आपूर्ति प्रभावित रही। विभागीय टीमें क्षतिग्रस्त पोल, तार और ट्रांसफार्मरों की मरम्मत में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि मौसम साफ होने के बाद बहाली का काम तेजी से कराया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User