अफसरों को नहीं पता आरटीआई आवेदन कहां जमा होंगे:शामली में सूचना आयुक्त के निरीक्षण में खुली पोल, तीन आवेदनों का रिकॉर्ड गायब
शामली में सूचना का अधिकार (आरटीआई) आम आदमी को सरकारी विभागों से जवाब मांगने का अधिकार देता है, लेकिन शामली में सरकारी कार्यालयों की स्थिति ऐसी मिली कि अधिकारी खुद यह नहीं बता सके कि आरटीआई का आवेदन कहां जमा होगा। शुक्रवार दोपहर 3:30 बजे राज्य सूचना आयुक्त मोहम्मद नदीम ने जिला संयुक्त चिकित्सालय, सीएमओ कार्यालय और सदर तहसील का निरीक्षण किया। इस दौरान कई गंभीर खामियां सामने आईं। कहीं सूचना प्रकोष्ठ का बोर्ड नहीं मिला तो कहीं कार्यालय और कर्मचारी ही नदारद मिले। आरटीआई आवेदनों का रिकॉर्ड मांगने पर तीन आवेदनों का रजिस्टर में ब्योरा भी नहीं मिला। इस पर सूचना आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। जिला अस्पताल में अधिकारी नहीं बता सके आवेदन कहां जमा होगा राज्य सूचना आयुक्त मोहम्मद नदीम ने बताया कि जिला संयुक्त चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान आरटीआई अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार सूचना बोर्ड नहीं लगा मिला। वहां मौजूद जनसूचना अधिकारी यह भी नहीं बता सके कि सूचना प्रकोष्ठ किस तल पर है। जब उनसे पूछा गया कि सूचना मांगने के लिए कोई व्यक्ति आवेदन लेकर आए तो उसे कहां जमा करना होगा, इसका भी वह जवाब नहीं दे पाए। काफी पूछताछ के बाद पता चला कि आवेदन लेने वाला कर्मचारी भी उस दिन मौजूद नहीं था। सूचना आयुक्त ने इस स्थिति पर नाराजगी जताई। सीएमओ कार्यालय में न बोर्ड मिला, न रजिस्टर इसके बाद सूचना आयुक्त ने सीएमओ कार्यालय का निरीक्षण किया। यहां सूचना के अधिकार से संबंधित न तो कोई बोर्ड मिला और न ही रजिस्टर। सूचना प्रकोष्ठ का कार्यालय और उससे जुड़ा कर्मचारी भी मौजूद नहीं था। सीएमओ ने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी। जब सूचना आयुक्त ने सूचना प्रकोष्ठ के बारे में जानकारी मांगी तो उन्हें चाय पीने के लिए आमंत्रित किया गया। इस पर उन्होंने पहले सूचना प्रकोष्ठ दिखाने को कहा। ऊपर पहुंचने पर वहां न कोई कमरा मिला, न बोर्ड और न ही कर्मचारी। रजिस्टर मांगने पर वह भी उपलब्ध नहीं कराया जा सका। इससे नाराज होकर सूचना आयुक्त कार्यालय से निकलने लगे तो सीएमओ उनके पीछे-पीछे मनुहार करते रहे, लेकिन वह नहीं रुके। सूचना आयुक्त ने टिप्पणी करते हुए कहा कि जो कहानी उन्हें सुनाई जा रही है, उस पर तो किताब लिखी जा सकती है। तीन आरटीआई आवेदनों का रजिस्टर में नहीं मिला ब्योरा इसके बाद तहसील में निरीक्षण के दौरान सूचना आयुक्त ने अधिकारियों से आरटीआई आवेदन के लिए 10 रुपए शुल्क लेने का प्रावधान पूछा, लेकिन कोई अधिकारी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। उन्होंने कहा कि आवेदन शुल्क और उसके भुगतान की प्रक्रिया स्पष्ट होनी चाहिए। कार्यालय में नकद राशि रखने और लिफाफे में 10 रुपए भेजने की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यालय में ऐसा सूचना बोर्ड होना चाहिए, जिस पर यह जानकारी दर्ज हो कि किस अवधि में कितने आरटीआई आवेदन आए और कितनों का निस्तारण किया गया। सूचना आयुक्त ने अधिकारियों के सामने आरटीआई रजिस्टर की जांच की। इस दौरान आवेदन संख्या 214, 224 और 298 का रिकॉर्ड मांगा गया, लेकिन रजिस्टर में इनका कोई ब्योरा नहीं मिला। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। फोटोस्टेट का कागज चिपकाकर की खानापूर्ति सदर तहसील के निरीक्षण में भी सूचना प्रकोष्ठ का नियमानुसार बोर्ड नहीं लगा मिला। उसकी जगह एक फोटोस्टेट का कागज चिपका हुआ था। सूचना आयुक्त ने उसे उतरवाते हुए अधिकारियों से पूछा कि इसे कब चिपकाया गया है। उन्होंने सूचना प्रकोष्ठ का कमरा दिखाने और वहां रखे रजिस्टर की जांच कराने को कहा। साथ ही स्पष्ट किया कि प्रत्येक कार्यालय में जनसूचना अधिकारी और प्रथम अपीलीय अधिकारी का नाम, मोबाइल नंबर और सूचना प्रकोष्ठ का स्थान स्पष्ट रूप से प्रदर्शित होना चाहिए, ताकि सूचना मांगने आने वाले आम आदमी को भटकना न पड़े। मुख्य सचिव को भेजेंगे निरीक्षण की रिपोर्ट राज्य सूचना आयुक्त मोहम्मद नदीम ने कहा कि जिला अस्पताल, सीएमओ कार्यालय और तहसील में आरटीआई अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप व्यवस्थाओं का अभाव मिला है। संबंधित जनसूचना अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने और अधिनियम का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि निरीक्षण में मिली कमियों और अधिकारियों की कार्यशैली के संबंध में रिपोर्ट तैयार कर मुख्य सचिव को भेजी जाएगी। इसमें संबंधित कार्यालयों की लापरवाही और आवश्यक कार्रवाई का ब्योरा शामिल होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)