जैकेट खरीदने निकले पिता-दो मासूमों की सड़क हादसे में मौत:घर पहुंचे शव तो पत्नी बिलख पड़ी, पिता का अंतिम संस्कार, बेटा-बेटी को दफनाया
एटा के कठौली गांव में शुक्रवार दोपहर ऐसा मंजर था, जिसे देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। जिस पिता के साथ दो मासूम बच्चे जैकेट खरीदने निकले थे, वे तीनों एक साथ घर लौटे, लेकिन जिंदा नहीं। गुरुवार शाम मैक्स पिकअप की टक्कर से पिता तेजवीर और उनके 5 साल की बेटी गीता व 3 साल के बेटे युवराज की मौत हो गई थी। शुक्रवार को तीनों के शव गांव पहुंचे तो पत्नी तारा उनसे लिपटकर बिलख पड़ीं। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था। पिता को मुखाग्नि दी, बच्चों को दफनाया गांव के मोक्षधाम में दोपहर करीब 2 बजे अंतिम संस्कार की प्रक्रिया हुई। तेजवीर के बड़े भाई मनवीर ने उन्हें मुखाग्नि दी, जबकि दोनों बच्चों के शव दफनाए गए। तेजवीर की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह राजमिस्त्री का काम करते थे। पीछे से बाइक में मारी टक्कर, खाई में गिरी पिकअप हादसा गुरुवार शाम करीब 5 बजे कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के उलायतपुर गांव के पास हुआ था। कठौली निवासी 30 वर्षीय तेजवीर पुत्र कन्हैयालाल अपने बेटे युवराज और बेटी गीता के साथ स्प्लेंडर बाइक से वाहनपुर की ओर जा रहे थे। उन्हें बच्चों के लिए जैकेट खरीदनी थी। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार मैक्स पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिकअप पेड़ तोड़ते हुए खाई में जा गिरी। स्थानीय लोग तीनों को एटा के वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चाचा ने लगाया जानबूझकर टक्कर मारने का आरोप तेजवीर के चाचा ने आरोप लगाया कि रास्ते में मैक्स पिकअप चालक से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद उसने जानबूझकर बाइक में टक्कर मारी। वहीं, तेजवीर के पिता कन्हैयालाल ने बताया कि उनका छोटा बेटा बच्चों के साथ जैकेट खरीदने जा रहा था। हादसे में बेटे और दोनों नाती-नातिन की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड मोर्चरी पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)