अतीक के दामाद खालिद जफर की कार घेरकर फायरिंग:छह नामजद; दूसरे पक्ष ने भी दी तहरीर, CCTV फुटेज सामने आया
प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के दामाद बताए जा रहे खालिद जफर पर हमले और फायरिंग का मामला सामने आया है। खालिद जफर की तहरीर पर धूमनगंज थाने में छह नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि 26 नवंबर की देर रात पूर्वांचल चौराहे के पास उनकी कार को घेरकर पिस्टल सटाई गई और जान से मारने की नीयत से गोली चलाई गई। खालिद जफर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 26 नवंबर की रात करीब 12:25 से 12:45 बजे के बीच वह 60 फीट रोड राजरूपपुर से अपनी क्रेटा कार से कालिंदीपुरम स्थित घर जा रहे थे। पूर्वांचल चौराहे के पास दो-तीन चारपहिया वाहनों से आए लोगों ने उनकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद रमीज अहमद, नदीम अहमद, आदिल कौसर, हमजा, इदराक और चार-पांच अज्ञात लोगों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया। आरोप है कि रमीज और आदिल ने कार का शीशा तोड़कर दरवाजा खोला और उनकी कनपटी पर पिस्टल सटा दी। खालिद का कहना है कि इस दौरान आरोपियों ने मोहम्मद नूह का नाम लेते हुए उन्हें जान से मारने की बात कही और फायरिंग कर दी। उन्होंने बचाव में पिस्टल को नीचे कर दिया, जिससे गोली डैशबोर्ड से टकराकर शीशे के पार निकल गई। खालिद ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके बहनोई इरफान के खिलाफ दर्ज पुराने मुकदमे को वापस लेने की धमकी भी दी। इस मामले में डीसीपी सागर जैन ने बताया कि हमले को लेकर शिकायत मिली थी। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। गौरतलब है कि इस मामले में दूसरे पक्ष के रमीज अहमद ने भी खालिद जफर और उनके साथियों के खिलाफ तहरीर दी है। रमीज का आरोप है कि 26 नवंबर की रात खालिद और उनके साथियों ने उन्हें घेरकर असलहा दिखाया और गोली चलाई। उन्होंने 1 नवंबर को भी खालिद और उनके साथियों पर मारपीट का आरोप लगाया था। घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)