औरेया में विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता:क्लास 9-12 के विद्यार्थियों ने मॉडल दिखाए
औरैया के दिबियापुर स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में जनपद स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता हुई। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश, लखनऊ के जिला विज्ञान क्लब ने जिलाधिकारी के निर्देशन में इसका आयोजन किया। इसमें माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों ने विज्ञान से जुड़े मॉडल पेश किए। सोमवार को एडीएम न्यायिक नीरज प्रसाद पटेल ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। एडीएम ने मॉडल देखे और लोगों को पर्यावरण संरक्षण व मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई। शिक्षा सोपान, आईआईटी कानपुर से आए विशेषज्ञ अमित कुमार बाजपेयी, योगेश झा, रंजीत कुमार और शिक्षिका पूनम पोरवाल ने मॉडल देखकर विजेताओं का चयन किया। वैदिक इंटर कॉलेज दिबियापुर के प्रतीक गुप्ता का मॉडल पहले स्थान पर रहा। गेल डीएवी पब्लिक स्कूल दिबियापुर के उद्भव दूसरे और जनता विद्यालय इंटर कॉलेज बरौना कला के जयकिशन तीसरे स्थान पर रहे। गांधी इंटर कॉलेज एरवाकटरा के अमीषा और ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल दिबियापुर के युग के मॉडल सांत्वना पुरस्कार के लिए चुने गए। पहले स्थान पर रहे विद्यार्थी को 5,000 रुपए, दूसरे को 3,000 रुपए और तीसरे को 2,000 रुपए दिए गए। दो सांत्वना पुरस्कार के तहत 1,000-1,000 रुपए दिए गए। 10 अन्य विद्यार्थियों के मॉडल मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुने गए। एडीएम ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच से भारत विकसित होगा। उन्होंने चुने गए विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र दिए। कार्यक्रम में जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक मोहित सिंह, प्रबंधक जीएन अग्रवाल, प्रधानाचार्य राजेश गुप्ता, मनीष कुमार, रामेन्द्र सिंह कुशवाहा, मुहीत सिद्दीकी, प्रीति त्रिपाठी, ज्ञान प्रकाश, कमलकांत पाल, दुर्गेश कुशवाहा, रामजी पोरवाल, दुर्गेश राजपूत, आमिर सिद्दीकी और सुमित नारायण मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)