बारिश के बीच पेड़ गिरने से महिला की मौत:खेत से लौटते समय हादसे का शिकार, शव पेड़ के नीचे दबा मिला; जिले में 4 मौतें
बाराबंकी में चार दिनों से हो रही तेज बारिश के बीच हादसों का सिलसिला जारी है। दरियाबाद कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को सड़क किनारे एक पेड़ 55 वर्षीय चौरासा पत्नी रामबरन पर गिर गया। पेड़ के नीचे दबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। चौरासा अलियाबाद के खर्चा मोहल्ला की रहने वाली थीं। वह शनिवार सुबह खेत से लौटते समय अलियाबाद-पटरंगा मुख्य मार्ग पर हादसे का शिकार हुईं। महिला के घर न पहुंचने पर परिजनों ने तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। रविवार सुबह परिजनों ने चौरासा को पेड़ के नीचे दबा देखा। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने पेड़ की टहनियों को काटकर शव बाहर निकाला। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जिले में बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। 200 से ज्यादा पेड़ गिरे, 200 बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हुए, जिससे 1200 गांवों की बिजली सप्लाई पर असर पड़ा। बारिश से हुए हादसों में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)