भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस का गोंडा से होगा संचालन:विदेश राज्यमंत्री राजा भैया के पत्र पर मिली स्वीकृति; गोंडा-देवीपाटन मंडल के लाखों यात्रियों को फायदा

Sep 27, 2026 - 09:21
0
भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस का गोंडा से होगा संचालन:विदेश राज्यमंत्री राजा भैया के पत्र पर मिली स्वीकृति; गोंडा-देवीपाटन मंडल के लाखों यात्रियों को फायदा
गोंडा और देवीपाटन मंडल के रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। गोंडा के बीजेपी सांसद और विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया ने आज रविवार सुबह 7:00 अपनी फेसबुक पोस्ट के माध्यम से बताया कि भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 19427/19428) का संचालन गोंडा जंक्शन से होगा। रेल मंत्रालय ने इसे हरी झंडी दे दी है। इस फैसले से पूरे देवीपाटन मंडल की रेल कनेक्टिविटी को एक नया आयाम मिला है। यह उपलब्धि स्थानीय सांसद और केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ 'राजा भैया' के निरंतर प्रयासों और सशक्त पैरवी के चलते संभव हो सकी है। 26 सितंबर को ही रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन के संचालन को स्वीकृति प्रदान करते हुए विदेश राज्यमंत्री को पत्र लिखा है। अमृत भारत एक्सप्रेस भारतीय रेलवे की एक अत्याधुनिक और पूर्णतः गैर-वातानुकूलित सुपरफास्ट ट्रेन है,जिसे विशेष रूप से आम यात्रियों की सुविधा और बजट को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।पुश-पुल तकनीक पर आधारित यह ट्रेन न केवल तेज गति से चलेगी, बल्कि झटकों से मुक्त सफर भी सुनिश्चित करेगी। ट्रेन में आधुनिक सीटें,आकर्षक इंटीरियर,मोबाइल चार्जिंग पॉइंट्स, बेहतर वेंटिलेशन और आधुनिक बायो-टॉयलेट जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।यह ट्रेन निम्न और मध्यम वर्ग के यात्रियों के लिए बेहद किफायती किराए में विश्वस्तरीय यात्रा का अनुभव प्रदान करेगी। इस ट्रेन के गोंडा से होकर गुजरने से गुजरात के कच्छ-भुज औद्योगिक क्षेत्र और बिहार के प्रमुख औद्योगिक नगर बरौनी के बीच सीधा संपर्क स्थापित हो गया है। इससे ​देवीपाटन मंडल के हजारों प्रवासी कामगारों, व्यापारियों और छात्रों को गुजरात और बिहार आने-जाने में सीधी सहूलियत मिलेगी।​ इससे क्षेत्र के यात्रियों को लखनऊ या अन्य बड़े स्टेशनों पर निर्भर रहने की बाध्यता खत्म होगी। क्षेत्र के व्यापारिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने क्षेत्रवासियों की बहुप्रतीक्षित मांग को रेल मंत्रालय के समक्ष प्रमुखता से रखा था। इस सौगात पर स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और सांसद कीर्तिवर्धन सिंह के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि यह निर्णय देवीपाटन मंडल के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User